हरियाणा में विकास को रफ्तार देगी सरकार; CM मनोहर लाल बोले, राज्य में होंगे एक लाख काम

By: Jan 14th, 2024 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि प्रदेश में आने वाले दिनों में विकास के एक लाख कार्य और होने वाले हैं। इन्हें जब पोर्टल पर डालते हैं, तो कार्य करने के लिए ठेकेदार नहीं मिलते। काम ज्यादा हो गए ठेकेदार कम हैं। यूनिवर्सिटी से बात करके सिविल इंजीनियरिंग पास करने वाले 15 हजार युवाओं को ट्रेनिंग देकर अच्छे ठेकेदार तैयार किए जाएंगे। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी। मुख्यमंत्री शनिवार को करनाल के वार्ड एक की बसंत विहार कालोनी में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने लोगों को लोहड़ी और मकर सक्रांति के साथ-साथ 22 जनवरी को अयोध्या में किए जाने वाले राम मंदिर उद्घाटन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही बताया कि 26 जनवरी को करनाल पुलिस लाइन में आयोजित किए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में भी वे खुद शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम अप्रैल में शुरू किया गया था। उन्होंने खुद 115 कार्यक्रम कवर किये। 30 नवंबर से विकसित भारत संकल्प यात्रा आरंभ हुई। प्रदेश में यात्रा के 80 प्रतिशत कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं। वार्ड एक में 116 करोड़ और करनाल शहर के विभिन्न वार्डों में दो हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य करवाएं जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से दी जा रही सेवाओं के मामले में हरियाणा देश में नंबर एक पर है। यात्रा के दौरान पात्र लोगों के बीपीएल कार्ड, पैंशन, गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड आदि मौके पर ही बनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में गरीबी की आय सीमा को 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए सालाना किया जा चुका है। आय सीमा बढ़ाने से प्रदेश में बीपीएल परिवारों की संख्या 29 लाख से बढक़र 44 लाख हो गई है। उन्होंने कहा कि आगामी छह महीनों में प्रदेश में 60 हजार युवाओं को नौकरियां दी जायेंगी। स्वरोजगार व प्राइवेट नौकरियों में सहायता करने के साथ-साथ सरकार युवाओं को रोजगार के लिए विदेश भेजने में भी सहयोग कर रही है। विदेश जाने के इच्छुक 15 हजार युवाओं को रोहतक में कार्य में दक्ष (स्किलिंग) किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App