जय श्रीराम के उद्घोषों से गूंजी पर्यटक नगरी

By: Jan 22nd, 2024 12:10 am

स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
पर्यटक नगरी डलहौजी में रविवार को अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर के उपलक्ष्य पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा सदर बाजार स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से आरंभ होकर सुभाष चौक और गांधी चौक से होकर गुजरी। शोभायात्रा का समापन वापिस लक्ष्मी नारायण मंदिर के प्रांगण में हुआ। शोभायात्रा के दौरान रामभक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ जय श्री राम के नारे लगाने से पूरा माहौल रामभक्ति रस में डूबा दिखा। गांधी चौक पर व्यापार मंडल ने शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान रामभक्तों में हलवे का प्रसाद वितरित करने के साथ ही आतिशबाजी भी की गई। भगवान राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में आयोजित शोभायात्रा में पूर्व विधायक रेणु चडढा, हिमाचल प्रदेश योजना आयोग के पूर्व सदस्य और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चडढा, नगर परिषद उपाध्यक्ष संजीव पठानिया, जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य अमर सिंह (अमरीक), भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश सचिव सीमा चंदेल, पूर्व पार्षद वंदना चडढा, पूर्व पर्यटन निगम निदेशक आशीष चडढा व अमन महेंद्रू सहित काफी तादाद में रामभक्त मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App