पूर्ण राज्यत्व समारोह की दिखेगी अनोखी शान

By: Jan 20th, 2024 12:55 am

अधिकारियों संग विधायक की बैठक; भव्यता के साथ सजेगा धर्मपुर, रोशनी में जगमगाएंगे महत्वपूर्ण स्थल और बाजार
निजी संवाददाता- धर्मपुर
धर्मपुर में पूर्ण राज्यत्व दिवस पर 25 जनवरी को धर्मपुर कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय समारोह की अनोखी शान दिखेगी। धर्मपुर में पहली बार इस प्रकार का आयोजन हो रहा है। जिसे लेकर तैयारियां जोरों पर चली हुई हैं। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में भी उत्साह है। समारोह में 6 से 7 हजार लोग सम्मिलित होंगे। इसे लेकर शुक्रवार को विधायक चंद्रशेखर ने समारोह के सफ ल आयोजन को लेकर सिद्धपुर में जिला के उपमंडल स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियां जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में इस समारोह के लिए धर्मपुर पूरी भव्यता के साथ सजेगा। बैठक में जिलाधीश अरिंदम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं जिलाधीश अरिंदम चौधरी ने बताया कि समारोह के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों की 11 कमेटियां गठित की गई हैं। बैठक में एएसपी सागर चंद, एसडीएम धर्मपुर राजेंद्र गौतम, एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा समेत, जिला और धर्मपुर उपमंडल के अधिकारी उपस्थित रहे। बाद में विधायक ने अधिकारियों के साथ धर्मपुर कॉलेज मैदान का दौरा किया और वहां व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

प्रदर्शनी-परेड-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
चंद्रशेखर ने कहा कि समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। वहीं शानदार मार्चपास्ट और देश और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति का दर्शन कराती सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगी। कार्यक्रम में मंडी के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों की संस्कृति के साथ ही देश के सभी राज्यों की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

करोड़ों की सौगात देंगे सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री 25 जनवरी को धर्मपुर विधानसभा के लिए 70 करोड़ रुपए से अधिक की सौगात देंगे। इस मौके मुख्यमंत्री 14 परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App