नगर निगम में मूलभूत सुविधाएं-आय बढ़ाना प्राथमिकता

By: Feb 23rd, 2024 12:55 am

एकता काप्टा बोलीं, सोलन को बनाएंगे आधुनिक शहर संभाला नगर निगम कमिश्नर का कार्यभार, जनता से सीधा संवाद
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
सोलन को प्रदेश का एक ऐसा शहर बनाना है, जिसमें यहां रहने वाले लोगों को हर मूलभूत सुविधाएं व सहूलियतें मिले। यह कहना है नगर निगम सोलन की नई कमिश्नर एकता काप्टा का। उन्होंने वीरवार को बतौर कमिश्नर अपना पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी सोलन में बतौर प्रशासनिक अधिकारी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं, इसके चलते वह शहर की समस्याओं व शहर को भली भांति जानती हैं। शहर की प्रमुख समस्याओं के निराकरण सहित लोगों के लिए बेहतर सहूलियतें और विकास पर उनका फोकस रहेगा। कार्यालय पहुंचने पर स्टाफ सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गौर रहे कि फरवरी माह के आरंभ में ही निगम कमिश्नर का ट्रांसफर हो गया था, जिसके बाद यह पद खाली था। वहीं हाल ही में इस पद पर एचपीएएस एकता काप्टा को ट्रांसफर किया गया था। एकता काप्टा ने गुरुवार को यह पदभार ग्रहण कर लिया। दिव्य हिमाचल से विशेष बातचीत में कमिश्नर एकता काप्टा ने कहा कि निगम का सीधा संपर्क आम जनता से रहता है। इसलिए आम जनता के कार्यों व समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करना प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

इसके अलावा केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन भी प्रमुखता में रहेगा ताकि इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को मिल सके। कमिश्नर एकता काप्टा ने कहा कि सोलन पहले से ही तेजी से विकसित हो रहा शहर है और निगम बनने के बाद आसपास की पंचायतों का कुछ भाग शामिल होने से न केवल क्षेत्रफल में वृद्धि हुई है बल्कि जनसंख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि मेन फोकस सोलन शहर को यहां रह रहे लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने पर रहेगा। कमिश्नर एकता काप्टा ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं पेयजल, सफाई आदि के लिए कार्य किया जाएगा और इसे सुदृढ़ करने पर बल दिया जाएगा। नगर निगम सोलन में आय के स्रोतों को बढ़ाने व खर्चों को कम करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर आय के स्रोतों को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा ताकि निगम के खर्चें भी पूरे हों और आमदनी भी बढ़े। इसके अतिरिक्त आय बढऩे से ही शहर में विकास की गति को भी रफ्तार मिलेगी।

केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं का होगा क्रियान्वयन
कमिश्नर एकता काप्टा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन भी प्रमुखता में रहेगा ताकि इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को मिल सके। उन्होंने कहा कि मेन फोकस सोलन शहर को यहां रह रहे लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने पर रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App