चंडीगढ़ कांग्रेस का सेक्टर-17 में प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ विरोध, बैंक खाते फ्रीज करने पर भडक़े

By: Feb 20th, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

चंडीगढ़ कांग्रेस ने आज सेक्टर-17 स्थित आयकर कार्यालय के सामने मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, कांग्रेस की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष एचएस लक्की एवं पार्टी के निगम पार्षद और भारी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट ने मोदी सरकार के चुनावी बांडों को अवैध और असंवैधानिक बताया तो मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली अपनी इस घोर ग़लती से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते को फ्रीज कर दिए, जिसकी निंदा और विरोध करने के लिए आज इस धरने का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर बोलते हुए कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने कहा कि भाजपा ने लगभग छह साल पहले कांग्रेस सांसदों द्वारा अपनी ही पार्टी को नकद दिए गए छोटी-छोटी दान राशि को निशाना बना कर कांग्रेस पार्टी को अकारण परेशान किया जा रहा है।

आयकर विभाग की बैंक खाते को सील करने की कठोर कार्रवाई को बिलकुल गलत और राजनीति से प्रेरित बताते हुए बंसल ने कहा कि जहां भाजपा का खजाना अवैध चुनावी बांड से प्राप्त धन से भरा हुआ है। वहीं कांग्रेस पार्टी क्राउडफंडिंग के माध्यम से पार्टी के लाखों कार्यकर्ता से छोटी छोटी दान राशि प्राप्त कर रही है। कांग्रेस पार्टी को जनता के बढ़ते समर्थन और उसके लाखों सर्मथकों द्वारा दिए जा रहे चंदे को भाजपा पचा नहीं पा रही है। इसलिए ऐसी ओच्छी हरकतें कर रही हैं। बंसल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने 10 साल के कुशासन के कारण जनता में व्याप्त आक्रोश और कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से डरी हुई है। यही सटीक कारण है कि भाजपा लोगों के वास्तविक मुद्दों को उजागर करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी के द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में बाधाएं पैदा करने पर आमादा है। चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की ने लोकतंत्र को नष्ट करने के उद्देश्य से बनाई गई भाजपा की तानाशाही नीतियों के लिए उसकी कड़ी आलोचना की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App