अयोध्या में भक्त चख रहे हिमाचली धाम का स्वाद, दस से बारह हजार श्रद्धालु रोजाना ग्रहण कर रहे भोजन

By: Feb 11th, 2024 12:06 am

गगरेट के पूर्व विधायक और प्रदेश भाजपा सचिव राजेश ठाकुर ने संभाली व्यवस्था

रामलला के दर्शन को आने वाले 
स्टाफ रिपोर्टर — गगरेट
पवित्र धाम अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं को हिमाचली धाम खूब भा रही है। प्रदेश भाजपा की ओर से श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या में लगाए गए हिमाचली धाम के लंगर में रोजाना दस से बारह हजार श्रद्धालु भोजन ग्रहण कर रहे हैं। गगरेट के पूर्व विधायक व प्रदेश भाजपा सचिव राजेश ठाकुर व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए स्वयं अयोध्या में डटे हैं और श्रद्धालुओं को लंगर परोस रहे हैं। खास बात यह है कि विधानसभा क्षेत्र गगरेट की जनता द्वारा इस लंगर के लिए दिए गए राशन से ही अब तक व्यवस्थाएं बरकरार हैं और लंगर में भोजन करने वाले देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु हिमाचली धाम की खूब प्रशंसा कर रहे हैं।

अयोध्या में श्रीरामलला की मूर्ति प्रतिष्ठापित करने के बाद यहां देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं के रहने व खाने की व्यवस्था हो सके, इसके लिए प्रदेश भाजपा द्वारा अयोध्या में हिमाचली धाम का लंगर लगाने का निर्णय किया गया। इस लंगर की व्यवस्थाओं को देखने के लिए पूर्व विधायक राजेश ठाकुर को व्यवस्था प्रमुख नियुक्त किया गया है। पूर्व विधायक राजेश ठाकुर अपनी टीम के साथ अयोध्या में पिछले कई दिनों से डटे हैं और व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हैं। हिमाचली धाम में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, गुजरात व दिल्ली सहित कई राज्यों के श्रद्धालु अब तक रुक चुके हैं और स्वादिष्ट हिमाचली धाम का स्वाद चख चुके हैं। पांच फरवरी को अंब-अंदौरा से अयोध्या के लिए चली ट्रेन के माध्यम से अयोध्या पहुंचे हिमाचली श्रद्धालु भी यहां जाकर रुके थे। पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने बताया कि देश के जिस भी हिस्से से श्रद्धालु यहां आ रहे हैं, उन्हें हिमाचली धाम खूब प्रभावित कर रही है। श्रद्धालुओं के रात को ठहरने के लिए भी यहां पुख्ता व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि भगवान राम की मर्जी से ही उन लोगों को यहां हिमाचली धाम में काम करने का मौका मिल रहा है, जिन पर श्रीराम की कृपा है। उन्होंने उन लोगों का भी आभार जताया है, जिन्होंने हिमाचली धाम के लिए दिल खोलकर राशन की व्यवस्था की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App