पहली बार पड्डल की नीलामी से कमाए पांच करोड़

By: Feb 25th, 2024 12:45 am

एडीएम मंडी की सूझबूझ से प्रशासन ने की मोटी कमाई, पर इस बार सामान से लेकर झूले और हर चीज होगी महंगी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो, मंडी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के इतिहास में पहली बार प्रशासन ने पांच करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। जिससे इस आयोजन को और बेहतर तरीके से आयोजित करने के लिए प्रशासन के हाथ खुले हो गए हैं। यह पांच करोड़ रुपए की कमाई प्रशासन ने अके ले ऐतिहासिक पड्डल मैदान की नीलामी से की है। जबकि अभी अन्य कई मदों से प्रशासन को मेले के आयोजन के लिए राशि मिलनी है। जिससे के बाद यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा, लेकिन प्रशासन ने पहली बार पड्डल मैदान से ही पांच करोड़ से अधिक की राशि जुटाने में सफलता हासिल की है। जिसे एडीएम मंडी डा. मदन कुमार की सूजबूझ का नतीजा माना जा रहा है। हालांकि इस राशि में से जीएसटी का भुगतान भी प्रशासन ने करना है, लेकिन जीएसटी का भुगतान करने के बाद भी प्रशासन की झोली में चार करोड़ से अधिक की राशि बचेगी। पिछले बार शिवरात्रि महोत्सव में प्रशासन ने सभी प्रकार की मदों से 3.40 करोड़ एकत्रित किए थे और प्रशासन का खर्चा 3.43 करोड़ रहा था। प्रशासन मेले के लिए जगह, झूलों और तंबोला की नीलामी करके आय एकत्रित करता है।

इसी राशि को मेले के आयोजन के लिए खर्च किया जाता है। जिसमें सबसे अधिक खर्चा सांस्कृतिक संध्याओं के आयोजन और देवी देवताओं के नजराने और देवलुओं की सुविधाओं पर किया जाता है। इस बार प्रशासन ने पड्डल मैदान में झूले लगाने वाले स्थल छोटा पड्डल की बोली 92 लाख में की है। जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 27 लाख रुपये अधिक है। रेहड़ी फ ड़ी जगह की नीलामी 51 लाख रुपए में हुई है। यह पिछले वर्ष के मुकाबले 11 लाख रुपए अधिक है। तंबोला के लिए 13 लाख रुपये की बोली हुई है। पिछली बार के मुकाबले यह 3 लाख 66 हजार 620 रुपये अधिक रही है। पड्डल मैदान में छह हैंगर्स की नीलामी 3.25 हुई है और यह भी पिछले वर्ष के मुकाबले 1.68 करोड़ रुपये अधिक है। वहीं एडीएम मंडी डा. मदन कुमार ने बताया कि बार शिवरात्रि महोत्सव के लिए प्रशासन को अच्छी आए पड्डल मैदान से हुई है। अभी तक प्रशासन 4.81 करोड़ रुपये की आय दर्ज कर चुका है। जबकि यह राशि प्रदर्शनी स्थल के आबंटन के बाद पांच करोड़ को पार कर जाएगी।

व्यापारियों से लेकर आम जनता की जेब होगी ढीली
प्रशासन ने पड्डल मैदान की नीलामी से इस बार पांच करोड़ तो कमा लिए हैं, लेकिन इसका असर पड्डल मैदान में आने वाले व्यापारियों और मेले में खरीददारी करने के लिए आने वाले लोगों पर भी पड़ेगा। हैंगर, झूले, तंबोला और रेहड़ी फड़ी इन सबकी नीलामी में इस बार काफी इजाफा होने से मेले में हर चीज मंहगी हो जाएगी। मुख्य बोलीकर्ता आगे अब व्यापारियों को पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुने दामों पर स्टाल बेचेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App