सात महीने देरी से पहुंचे विदेशी मेहमान

By: Feb 27th, 2024 12:10 am

लारजी में पानी से अठखेलियां करने सात समंदर पार से पहुंचते हैं प्रवासी परिंदे

निजी संवाददाता-सैंज
अमूमन सर्दियों में दस्तक देने वाले प्रवासी परिंदे इस बार सात महीने देरी से लारजी पहुंच गए हैं। कारण यह नहीं कि प्रवासी परिंदों को प्रदेश की आवोहवा रास नहीं आई बल्कि जुलाई माह में आई बाढ़ के चलते लारजी परियोजना प्रबंधन ने झील में पानी जमा नहीं किया जिस कारण परियोजना की झील खाली थी। अब प्रदेश सरकार के हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रबंधन ने जलाशय में पानी भर दिया है जिसके कारण बसंत ऋतु में लारजी की कृत्रिम झील में विदेशी सारस प्रजाति के पक्षियों ने अठखेलियां खेलनी शुरू कर पानी की गहराई में नापनी शुरू कर दी है। सोमवार को लारजी जल विद्युत परियोजना की झील में रंग बिरंगे विदेशी परिंदों ने दस्तक दे दी है।

जलाशय में कई दुर्लभ प्रजाति के परिंदे देखे जा रहे हैं। बसंत ऋतु आगमन के साथ ही हजारों किलोमीटर दूर से आकर कुल्लू जिला में बिजली तैयार करने के लिए बनाई गई कृत्रिम झील विदेशी मेहमान परिंदों से गुलजार हुई है। साइबेरिया, रूस, कजाकिस्तान आदि देशों से विदेशी पक्षियों ने यहां डेरा डाल दिया है। खुशी की बात यह है कि ये विदेशी मेहमान आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

साइबेरिया और रूस आदि देश में बढ़ जाती है ठंड
इस समय साइबेरिया और रूस आदि देश में बहुत ज्यादा ठंड होती है। यहां नवंबर से मार्च तक तापमान 50 से 60 डिग्री नीचे तक चला जाता है। इसलिए पक्षियों का जिंदा रहना बहुत मुश्किल हो जाता है। इसलिए हजारों पक्षी भारत की ओर रुख करते हैं। सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ पेड़ पौधों के बीच से निकलकर ये पक्षी स्वच्छ पानी में अठखेलियां करते हैं। विदेशी परिंदों के दस्तक देते ही घाटी के पर्यावरण प्रेमी खुश नजर आ रहे हैं। वन्य प्राणी विभाग के रिटायर्ड अधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि इन प्रवासी मेहमानों का मुख्य भोजन जलीय वनस्पति, जलीय कीट तथा छोटी मछली ही होता है जबकि उनका प्रजनन का समय अप्रैल-मई के दौरान होता है। यह पक्षी झील में गोता लगाकर मछलियों का आहार बनाते हैं। उधर, ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की अरणयपाल मीरा शर्मा ने बताया कि हर वर्ष देश विदेश से सैकड़ों पक्षी पहुंचते हैं तथा इन विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए वन्य प्राणी विभाग द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App