पांगी में भारी बर्फबारी… जम गई जिंदगी

By: Feb 20th, 2024 12:20 am

दूसरे दिन भी जारी रहा हिमपात का दौर, किलाड़ में एक और ऊपरी पहाड़ों पर डेढ़ से दो फुट ताजा बर्फबारी रिकार्ड

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जनजातीय उपमंडल पांगी का बर्फबारी के कारण तमाम मुख्य व संपर्क मार्ग अवरूद्ध होने से शेष विश्व से संपर्क कट गया है। पांगी में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। सोमवार को पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ में करीब एक फुट और ऊपरी पहाडिय़ों पर डेढ़ से दो फुट ताजा बर्फबारी रिकार्ड गई है। बर्फबारी के बीच बिजली व्यवस्था के चरमराने से लोगों की दिक्कतें दोगुना होकर रह गई है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद मौसम के करवट बदलने के साथ ही बर्फबारी का दौर आरंभ होने से पांगी घाटी दोबारा से बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। सोमवार को भी पांगी में जमकर बर्फबारी हुई है।

बर्फबारी के कारण पांगी घाटी के सभी मुख्य व संपर्क मार्गो पर एक बार फिर से वाहनों की आवाजाही थम गई। पांगी में लगातार बर्फबारी का क्रम जारी रहने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर होकर रह गए हैं। बर्फबारी के कारण घाटी की बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह चरमरा गई है। उधर, उपमंडलीय प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए घाटी के लोगों से खराब मौसम के बीच आवाजाही न करने का आह्वान किया है। उन्होंने साथ ही लोगों से हिम-स्ख्लन संभावित क्षेत्रों की ओर रूख न करने को भी कहा है। बहरहाल, पांगी घाटी में लगातार जारी बर्फबारी के चलते लोग एक बार फिर से घरों में कैद होकर रह गए है। बर्फबारी के बीच हांड कंपा देने वाली ठंड के चलते पांगी घाटी कड़ाके की शीतलहर की चपेट में आई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App