विशेष

औषधीय गुणों से भरपूर है बेर, जानिए इसे खाने के फायदे…

By: Feb 24th, 2024 7:22 pm

बेर का फल जिसे चीनी सेब भी कहा जाता है एक मौसमी फल है। यह फल अनेक प्रकार के औषधीय गुणों से परिपूर्ण है। भारत में पाए जाने वाले बेर फल का वानस्पतिक नाम ‘जिजिफस मोरिसियाना’ है। यह भारत में पाए जाने वाले प्राचीनतम फलों में से एक है, बेर फल का जिक्र रामायण में भी किया गया है। यह फल अनेक प्रकार के औषधीय और पौष्टिक तत्त्वों जैसे विटामिन, खनिज और शर्करा से युक्त होता है।
यह फल भारत के साथ-साथ चीन, यूरोप और रूस के अलावा दुनिया के कई देशों में उगाया जाता है। इस फल का उपयोग खाने के अलावा दवाइयों के निर्माण में भी किया जाता है। बेर का सेवन उचित मात्रा में करने से हमारे शरीर को कई फायदे होते हैं।

अनेक पौष्टिक तत्त्व
बेर के फल में अनेक पौष्टिक तत्त्व पाए जाते हैं। बेर में प्रमुख रूप से विटामिन, राइबोफ्लेविन और थायमिन जैसे तत्त्व पाए जाते हैं और इसके साथ बेर प्रोटीन, पोटाशियम और कैल्शियम समेत कई पोषक तत्त्वों का भंडार माना जाता है। यह विटामिन सी का अच्छा स्रोत माना जाता है, आयुर्वेद के मुताबिक बेर के बीजों में कैंसर जैसी बीमारियों से लडऩे की क्षमता भी होती है। बेर में विटामिन सी, ए और बी कांप्लेक्स, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, आयरन और कॉपर, कैल्शियम, फास्फोरस, सोडियम, जिंक, साइट्रिक एसिड आदि पाए जाते हैं।

बेर खाने के फायदे
वैसे तो बेर का फल औषधीय गुणों से युक्त होने के कारण हर प्रकार से लाभदायक होता है, लेकिन आयुर्वेद के हिसाब से भी बेर खाने के अनेक फायदे हैं। बेर के फल, पत्तियों और बीज का उपयोग अनेक प्रकार से आयुर्वेद में किया जाता है। बेर का फल अपच और पित्तनाशक माना जाता है।

इसके बीज गर्भावस्था में मतली, उल्टी और पेट दर्द को रोकने के लिए भी प्रयोग में लाए जाते हैं। बेर की पत्तियां और जड़ें आयुर्वेदिक काढ़ा बनाने में भी उपयोग में लाई जाती हैं। बेर के फल में विटामिन सी, कैल्शियम, लोहा, फास्फोरस, पोटाशियम और जस्ता प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जिसकी वजह से यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को भी मजबूत करता है। पारंपरिक चिकित्सा और अनिद्रा जैसी बीमारियों के इलाज में भी बेर का प्रयोग किया जाता है। पाचन तंत्र और कब्ज जैसी बीमारियों में भी फायदेमंद है। मस्तिष्क विकास में भी सहयोगी है। तनाव, अनिद्रा जैसी बीमारियों में भी कारगर है। शरीर की बैक्टीरिया से रक्षा करता है। बेर में मौजूद कैल्शियम दांतों और हड्डियों को मजबूत करता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App