एक दिन में 100 किलोमीटर रोड खोल कर बनाया रिकॉर्ड, मनाली-केलांग-दारचा सडक़ भी बहाल

By: Feb 24th, 2024 12:55 am

जिला संवाददाता-केलांग
सीमा सडक़ के दीपक और योजक परियोजना ने 24 घंटे के भीतर 100 किलोमीटर के दायरे से बर्फ हटा कर रिकॉर्ड कायम किया है। जी हां, बीआरओ के साथ योजक परियोजना ने बर्फ से लकदक अटल-टनल होकर मनाली-केलांग-दारचा हाईवे को महज एक दिन के भीतर ट्रैफिक के लिए बहाल कर दिया है। चार दिनों तक हुई भारी बर्फबारी के बाद सीमा सडक़ संगठन ने रिकॉर्ड महज एक दिन के भीतर अटल टनल होकर मनाली से दारचा तक हाइवे बहाल कर बड़ी राहत दी है। 18 से 21 फरवरी तक लगातार हिमपात होने के कारण मनाली-केलांग-दारचा सडक़ मार्ग पर पांच से तीन फुट तक बर्फबारी हुई। इसके बाबजूद सीमा सडक़ संगठन के योजक परियोजना के साथ 70 और 74 आरसीसी ने 21 फरवरी को ही बर्फबारी के बीच से बर्फ हटाने का अभियान शुरू किया। इस पूरे अभियान में बीआरओ ने एक दर्जन से अधिक भारी मशीनों के साथ सैंकड़ों जवानों को मिशन स्नो क्लीयरेंस में उतार दिया। भारी बर्फबारी को देखते हुए हालांकि मनाली-दारचा सडक़ इतनी जल्दी उम्मीद नहीं थी। लेकिन बीआरओ के जवानों के साथ मेजर रेंक के अधिकारी खुद भी देर शाम तक बर्फ हटाने की मुहिम में फील्ड में डटे रहे। बर्फ हटाने पर लोगों ने प्रशासन का धन्यवाद किया है।

सीएम के प्रस्तावित लाहुल दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
केलांग। 25 फरवरी को सीएम सुखबिंदर सिंह सुखू के प्रस्तावित लाहुल दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। सीएम दौरे को लेकर शुक्रवार को केलांग पुलिस ग्राउंड के साथ क्षेत्रीय अस्पताल केलांग की तरफ जाने वाली संपर्क सडक़ से विभाग ने बर्फ हटा लिया है। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित लाहुल दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। लोक निर्माण विभाग को अधिक से अधिक संपर्क मार्गों को खोलने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री 25 फरवरी को केलांग में इंदिरा गांधी सम्मान निधि की शुरुआत कर सकते हैं। इंदिरा गांधी महिला सम्मान निधि योजना के तहत लाहुल की करीब 1100 पात्र महिलाओं 1500-1500 की पहली किश्त जारी करेंगे। केलांग में शरद उत्सव की शुभारंभ करने के साथ योजनाओं का भी आधारशिला रखेंगे।

सभी कर्मचारियों-अधिकारियों के प्रयास लाए रंग
70 आरसीसी के ऑफिसर कमांडिंग मेजर रवि शंकर ने बताया कि बर्फ हटाने के इस मुहिम में संगठन के सभी कर्मचारियों-अधिकारियों ने मिलकर कड़ी मेहनत की है। बर्फ हटाने के इस मुहिम के दौरान एवलांच गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। इसके बाबजूद सडक़ बहाली के अभियान को सफलता हासिल की। उधर, 94 आरसीसी के कमांडिंग ऑफिसर मेजर विसाग ने कहा कि एक दिन के भीतर अटल टनल के नार्थ पोर्टल तक सडक़ मार्ग को बहाल करना किसी चुनौती से कम नहीं था। इसके बाबजूद संगठन के जवानों और अधिकारियों ने विपरीत परिस्थितियों में सडक़ पर बिछी बर्फ की मोटी चादर को काटकर सडक़ को बहाल किया है। 22 फरवरी को ही संगठन ने मनाली-केलांग-दारचा सडक़ मार्ग फोर बाई फोर वाहनो के लिए बहाल कर दिया था। स्थानीय विधायक रवि ठाकुर ने बीआरओ के साथ योजक परियोजना को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App