राहत… 29 सडक़ों पर यातायात बहाल

By: Feb 23rd, 2024 12:55 am

बर्फबारी और बारिश से तीसा, सलूणी, भरमौर और पांगी मंडल के 58 संपर्क मार्ग अभी भी बंद
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
बर्फबारी व बारिश के कारण बंद चंबा जिला के तीसा, सलूणी, भरमौर व पांगी मंडल के 58 संपर्क मार्गों पर अभी तक यातायात बहाल नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग का अमला जेसीबी मशीन व लेबरों संग बंद मार्गों पर यातायात बहाली को लेकर काम जारी रखे हुए है। हालांकि जिला के तमाम मुख्य मार्गों के वाहनों की आवाजाही के लिए खुलना राहत की बात है। बर्फबारी व बारिश का दौर थमने के बाद से ही लोक निर्माण विभाग विभिन्न बंद मार्गों को खोलने का कार्य आरंभ कर दिया है। गुरुवार शाम तक लोक निर्माण विभाग ने 29 और मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया है। अब जिला के 58 मार्गों पर ही यातायात बहाल होना शेष रह गया है। इनमें सबसे अधिक बंद मार्गों की संख्या पांगी मंडल में 36 है। गुरुवार को लोक निर्माण विभाग ने डलहौजी व चंबा मंडल के तमाम मार्ग खोल दिए हैं। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अब तीसा मंडल के पांच, सलूणी के दस, भरमौर के सात और पांगी के 36 मार्गों पर यातायात बहाली होना बचा है। बर्फबारी व बारिश के कारण बंद इन 58 मार्गों पर यातायात बहाली का काम जारी है।

दो दिन में शेष बचे मार्गों पर होगा यातायात बहाल
लोनिवि. डलहौजी सर्किल के एसई दिवाकर पठानिया ने बताया कि गुरुवार को जिला के 29 ओर मार्गों को वाहनों की आवाजाही के लिए दोबारा से खोल दिया गया है। अब जिला में 58 मार्गों पर यातायात बहाली का काम शेष है। एक- दो दिनों के भीतर तमाम मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App