हाइब्रिड फूलगोभी की खेती कर संजीव कर रहे मोटी कमाई

By: Feb 4th, 2024 12:48 am

स्विटजरलैंड की सब्जी की ऊना के संतोषगढ़ में पैदावार कर बढ़ाया प्रदेश में जिले का मान, ब्रोकली से ज्यादा पोषक तत्वों से भरपूर है नई फूलगोभी

स्टाफ रिपोर्टर-संतोषगढ़
प्रदेश के कृषि प्रधान जिला ऊना में खेतीबाड़ी के उठ रहे स्तर का इस बात से भी पता लगा सकते हैं कि जिला के किसान विदेशों में होने वाली सब्जियों को सफलता पूर्वक व उत्तम तरीके से जहां उगा रहे हैं और लोगों को खाने के लिए उपलब्ध करवा रहे हैं। ऐसे ही खेतीबाड़ी हमें संतोषगढ़ नगर में देखने को मिल रही है। नगर परिषद संतोषगढ़ में वार्ड-8 के एक युवा किसान संजीव सैनी व उसकी माता सोमा देवी ने अपनी मेहनत से कलर फुल हाइब्रिड बैगनी (परपल) और संतरी (पीले) रंग की फूल गोभी उगाई है। संजीव सैनी ने इस फूलगोभी की खेती कर मोटी कमाई की है। नगर की प्रसिद्ध सब्जी मंडी संतोषगढ़ में भी यह फूलगोभी आकर्षण का केंद्र बनी है। संतोषगढ़ नगर परिषद में पोषक तत्व से भरपूर स्विटजरलैंड में पैदा होने वाली हाइब्रिड फूलगोभी की खेती हो रही है,जो सेहत के लिए काफी लाभदायक है। समय के साथ-साथ देश-विदेश में बागवानी फसलों की डिमांड बढ़ती जा रही है। ऐसे में प्रदेश व क्षेत्र के किसान साधारण सब्जियों के बजाय कुछ विदेशी और अनोखी सब्जियों की खेती पर भी ध्यान दे रहे हैं। संजीव सैनी ने कहा कि हाईब्रिड फूलगोभी जैसे देखने में अलग-अलग रंगों में है, वैसी ही स्वाद में भी अलग-अलग है और गुणवत्ता की बात करें तो नई ब्रिड ब्रोकली से भी ज्यादा पोषक तत्व से भरी है।

संजीव बोले, ठंडे वातावरण में उगाई जा सकती है ये किस्म
संजीव सैनी का कहना है कि गोभी की इन किस्मों को कामयाब करने के लिए मेहनत के साथ बहुत ठंडे मौसम की भी बेहद जरूरत है। उन्होंने बताया कि वह इसके उत्पादन के लिए पिछले तीन सालों से लगातार मेहनत कर रहे थे। इस साल भी लगभग दो हजार बीज (पौध) तैयार करने के बाद कुल पांच सौ पौधे ही पैदावार देने में कामयाब हुए। उन्होंने बताया कि सब्जी मंडी में इस किस्म की अच्छी कमाई हो रही है। आम गोभी के मुकाबले इस रंग-बिरंगी गोभी को दोगुने दाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस किस्म की गोभी की बड़े शहरों में अच्छी डिमांड है। वहीं, अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। संजीव का कहना है कि उनके पिता स्व. शाम लाल सैनी अक्सर उनको कहा करते थे कि अगर मेहनत एवं लग्न से खेती की जाए तो उसमे भी काफी मुनाफा हो सकता है। वे पिता की सीख पर चलते हुए लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाणा में पिछले आयोजित सरकारी प्रदर्शनी में भी उनकी कलरफुल हाईब्रिड फूलगोभी को कृषि विभाग द्वारा सजाया गया था।

रंगीन फूलगोभी की खेती

भारत में कई राज्यों के किसान रंगीन फूलगोभी की फसल लगा रहे हैं। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में रंगीन फूलगोभी की खेती से किसानों को काफी अच्छे परिणाम मिले हैं। इसकी सिंतबर से लेकर अक्टूबर तक नर्सरी तैयार की जाती है व 20 से 30 दिन के अदंर रोपाई का काम किया जाता है। रंगीन फूलगोभी में संतरी (पीले) रंग की फूलगोभी को कैरेटीना, बैंगनी (गुलाबी)
रंग की फूलगोभी को एलिनटीला और हरे रंग की फूल गोभी को ब्रोकली कहते हैं।

ह्रदय रोग व कैंसर के जोखिम को कम करती है गोभी

बता दें कि फूल गोभी में मौजूद सल्फोराफेन नामक तत्व में एंटीकैंसर प्रभाव होता है, जिसकी वजह से यह प्रोस्टेट कैंसर, कोलन कैंसर और अन्य कैंसर के जोखिम को कम कर सकती है। सर्दियों में अधिकतर लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं होती हैं और फूल गोभी का सेवन इस समस्या को दूर करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा ह्रदय रोगियों के लिए भी फूलगोभी लाभदायक मानी जाती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App