सेरी मंच पर ही होंगी शिवरात्रि महोत्सव की संध्याएं

By: Feb 20th, 2024 12:16 am

निशानेबाजी और साइकिल प्रतियोगिता शामिल, पांच देवी-देवताओं के पंजीकरण पर नहीं बन पाई बात

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- मंडी
अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मेले की आम सभा का आयोजन सोमवार को धर्मपुर के कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें कई महत्वपूर्ण मामलों को लेकर चर्चा हुई। आम सभा में पांच और देवी देवताओं के पंजीकरण को लेकर जहां बात नहीं बन सकी। वहीं शिवरात्रि की खेलों में इस बार निशानेबाजी और साइकिल प्रतियोगिता को भी शामिल किया गया। बैठक में एचआरटीसी विभाग के दो अधिकारियों के न आने को लेकर विधायक चंद्रशेखर ने नाराजगी भी जाहिर की और कहा कि सरकार संज्ञान लेगी। वहीं आम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिवरात्रि मेले की सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन पिछले वर्ष की भांति सेरी मंच पर होगा। सांस्कृतिक संध्याएं 9 मार्च से लेकर 14 मार्च तक होंगी। 5 संध्याएं रात्रि 10 बजे तक जबकि एक सांस्कृतिक संध्या रात्रि 12 बजे तक होगी। संध्याओं में आने वाले सम्मानित अतिथियों के बैठने की उपयुक्त व्यवस्था रहेगी। पत्रकार दीर्घा का अलग से प्रबंध होगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर भी बल दिया गया। वहीं आम सभा को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि मंडी साहित्य और कला की नगरी है। मेले में इन विधाओं को भी समुचित स्थान मिले।

उन्होंने कहा कि कहा कि मेले से छोटी काशी मंडी देव समाज की समृद्ध परंपराओं से आलोकित होगी। मेले में देव आस्था की समृद्ध परंपराओं का सम्यक निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने सबकी भागीदारी से मेले के सफ ल आयोजन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बहुआयामी चुनौतियों में बहुआयामी संकल्पों के साथ मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें देवी देवताओं के आदर सत्कार के साथ ही जन भावनाओं का पूरा सम्मान सुनिश्चित होगा। उन्होंने प्रशासन तथा सर्व देवता कमेटी को साल में दो बार बैठक कर यह संवाद का क्रम चलाने को कहा। बता दें मंडी महाशिवरात्रि मेले की की पहली जलेब 9 मार्च को निकाली जाएगी। मध्य जलेब 12 को तथा तीसरी व अंतिम जलेब 15 मार्च को निकलेगी। इनमें आकर्षक झांकियां भी सम्मिलित की जाएंगी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विधायक का आभार जताते हुए आम सभा में आए सभी ंिबंदुओं पर गंभीरता से कार्य करने तथा मिलकर एक टीम की तरह काम करते हुए मेले के सफल आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई। पिछले साल विभिन्न आय स्रोतों से मेला समिति को 3.40 करोड़ की आमदनी हुई थी। आम सभा में कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, मेयर नगर निगम वीरेंद्र भट्ट, सर्व देवता कमेटी के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, एडीसी रोहित राठौर, एडीएम डॉ. मदन कुमार सहित आम सभा के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

पहली बार किसी विधायक ने मेले को दिए 1.51 लाख
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के आयोजन के धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने अपनी ओर से 1.51 लाख रुपए देने की घोषणा की। यह पहली बार है, जब किसी विधायक मेले के लिए इतने पैसे दिए हों। उन्होंने कमेटी के सभी सदस्यों से भी मेले के आयोजन के लिए सक्रिय आर्थिक योगदान की अपील की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App