राज्यस्तरीय नलवाड़ी  : बिलासपुर का लुहणू मैदान एक करोड़ में नीलाम

By: Feb 29th, 2024 12:12 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो, बिलासपुर
इस बार राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेले के सफल आयोजन के लिए लुहणू मैदान 1 करोड़ रूपए में नीलाम हुआ है। यह बोली अब तक की सर्वाधिक बोली है। पिछले साल प्रशासन ने लुहणू मैदान की बोली का आंकड़ा 95.35 लाख तक पहुंचाया था जबकि इस बार बोली के पिछले सभी रिकार्ड टूटे हैं। ऐसे में गोबिंदसागर झील के मुहाने पर मार्च महीने में सजने वाले मेले को खास एवं आकर्षक बनाने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कई नए इनिशियटिव भी लिए हैं। बिलासपुर सदर के उपमंडल अधिकारी (आईएएस) अभिषेक कुमार गर्ग ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 17 से लेकर 23 मार्च तक लुहणू मैदान में सजने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला को भव्यता प्रदान करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से प्रयास किया जा रहे हैं। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, झूले तथा डोम स्थापित करने के लिए लुहणू ग्राउंड को एकमुश्त किराए पर देने के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई थी।

उपमंडल अधिकारी ने बताया कि इस बार निविदाओं की बोली पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा लगाई गई है। उन्होंने बताया कि पहली बार यह संभव हुआ है जब मेले के लिए मैदान की नीलामी एक करोड़ रूपए में हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में 95 लाख 35 हजार की बोली गई थी जबकि वर्ष 2022 में केवल 19 लाख 53 हजार की बोली लगाई गई थी। अभिषेक गर्ग के अनुसार इस बार इच्छुक फर्मों व पार्टियों ने बोली प्रक्रिया में बढ़ चढक़र भाग लिया है। गठित कमेटी द्वारा लुहणू ग्राउंड में खुली बोली से किराए पर देने का निर्णय लिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App