चंडीगढ़ मेयर चुनाव में लोकतंत्र की जीत, AAP ने SC के फैसले का किया स्वागत, भाजपा के मंसूबों पर पानी

By: Feb 21st, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का आम आदमी पार्टी (आप) ने स्वागत किया है। पार्टी ने अपने उम्मीदवार कुलदीप कुमार को मेयर घोषित करने वाला यह ऐतिहासिक फैसला देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया और कहा कि इस फैसले से सही मायने में लोकतंत्र की जीत हुई है। मंगलवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में आप चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डा. सनी आहलूवालिया ने चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और आप के नए मेयर कुलदीप कुमार के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। मीडिया को संबोधित करते हुए डा. आहलूवालिया ने कहा कि चंडीगढ़ में अपना मेयर बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कोई भी तिकड़म नहीं छोड़ा। उन्होंने हर हथकंडे अपना लिए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनके गलत मंसूबे पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा तो मेयर का चुनाव ही नहीं करवाना चाहती थी, क्योंकि उसे पता था कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के पास 20 पार्षद हैं और उनके पास सिर्फ 15 थे।

बहुत मुश्किल से 18 जनवरी को चुनाव करवाने की घोषणा की गई। फिर चुनाव से ठीक पहले उनके पीठासीन अधिकारी बीमार पड़ गए और चुनाव को अनिश्चित समय के लिए टाल दिया गया। फिर हमें चुनाव कराने के लिए हाई कोर्ट जाना पड़ा। हाई कोर्ट ने 30 जनवरी को चुनाव की तारीख तय की, लेकिन भाजपा ने चुनाव में धांधली करने की साजिश रच रखी थी। भाजपा के द्वारा नियुक्त पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह ने जानबूझकर हमारे आठ वोट रद्द कर दिए और अल्पमत के बावजूद भाजपा का मेयर घोषित कर दिया, लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट ने हमारे साथ न्याय किया है। कोर्ट का यह फैसला लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App