11 कन्याओं का करवाएंगे विवाह, ओम महादेव कांवड़ सेवादल चंडीगढ़ 27 से करेगा शिव महापुराण कथा का आयोजन

By: Feb 22nd, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

ओम महादेव कांवड़ सेवादल चंडीगढ़ द्वारा अगले माह शिव महापुराण कथा व 11 कन्याओं के सामूहिक विवाह करवाए जाएंगे। इस आशय की जानकारी बुधवार को एक प्रेसवार्ता में आयोजक संस्था के पदाधिकारियों नरेश गर्ग व भूषण गुलाटी ने दी। नरेश गर्ग ने बताया कि इस संस्था में सब युवा ही जुड़े हुए हैं और युवा वर्ग को नशे एवं अन्य बुराइयों से परे रखने के उद्देश्य से ही इस संस्था का गठन किया गया है। उन्होंने कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बुड़ैल, सेक्टर 45 स्थित मंडी ग्राउंड में संस्था द्वारा चौथी शिव महापुराण कथा का आयोजन 27 फरवरी से किया जाएगा, जिसके लिए कलश यात्रा 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से मंडी ग्राउंड, सेक्टर 45 से निकाली जाएगी। तत्पश्चात शाम पांच बजे से प्रभु इच्छा तक भजन संध्या एक शाम श्रीराधा रानी के नाम आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रख्यात भजन गायक युगल चित्र-विचित्र जी द्वारा भजन गायन किया जाएगा।

शिव महापुराण कथा 28 फरवरी से सात मार्च तक रोजाना सांय चार बजे से होगी, जिसमें भागवत पीठाधीश्वर आचार्य देशमुख वशिष्ठ जी महाराज कथाव्यास होंगे। पदाधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने बताया सेवादल द्वारा आठ मार्च को जरूरतमंद 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह भी करवाया जाएगा। इस दिन पहले दोपहर एक बजे से प्रीति भोज होगा। दोपहर तीन बजे से शुभ विवाह रचाया जायेगा जबकि सांय पांच बजे विदाई होगी। इस अवसर पर पूनम कोठारी, सोनू गर्ग, रिंकू जैन, मोनू गर्ग, मनीष और अभिषेक श्रीवास्तव आदि की भी उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App