बालू के पास दरकी पहाड़ी… छह घंटे आवाजाही ठप

By: Mar 11th, 2024 12:17 am

चंबा-साहो सडक़ के दोनों ओर लंबी कतारें, लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी से मलबा और चट्टानें हटाकर खोली सडक़

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चंबा-साहो मार्ग पर बालू के समीप रविवार सवेरे पहाड़ी दरकने से हुए भू-स्खलन के चलते करीब छह घंटे वाहनों के पहिए थमे रहे। इस दौरान मार्ग के दोनों वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीनों के सहयोग से मलबा व चट्टानें हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया। मार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। रविवार सवेरे करीब नौ बजे बालू के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला आरंभ हो गया है।

इसी बीच देखते ही देखते पहाडी का एक बड़ा हिस्सा खिसककर नीचे गिर गया। इससे साहो मुख्य मार्ग पर मलबे व पत्थर का पहाड़ खड़ा हो गया। गनीमत यह रही कि पहाड़ी के दरकने के वक्त कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। अन्यथा जान व माल के नुकसान की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता था। साहो मार्ग के भू-स्खलन के बंद होने की सूचना पाते ही लोक निर्माण विभाग का फील्ड स्टाफ जेसीबी मशीनों संग मौके पर पहुंचकर मलबा व पत्थर हटाकर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाने में जुट गया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम चार बजे लोक निर्माण विभाग ने मलबा व पत्थर हटाकर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाने में सफलता हासिल की। उधर, लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल के कनिष्ठ अभियंता संदेश कुमार ने बताया कि साहो मार्ग पर बालू के पास पहाडी दरकने से हुए भू-स्खलन के चलते यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद मार्ग से मलबा व पत्थर हटाकर दोबारा से वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App