प्रदेश में कृषि मौसम सेवा प्रोजेक्ट बंद, भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के तीनों जिलों में ठप की सेवाएं

By: Mar 4th, 2024 12:06 am

अढ़ाई वर्षों के बाद भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के तीनों जिलों में ठप की सेवाएं

कार्यालय संवाददाता —नाहन

हिमाचल प्रदेश में जिला कृषि मौसम सेवा प्रोजेक्ट बंद हो गया है। प्रदेश में किसानों को मौसम की सटीक जानकारी देने के साथ मौसम आधारित जागरूकता के लिए भारतीय मौसम विभाग व भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा प्रदेश के जिला सिरमौर, मंडी व बिलासपुर में कृषि विज्ञान केंद्रों में जिला कृषि मौसम सेवा प्रोजेक्ट की सेवाओं को पहली मार्च से बंद कर दिया गया है। इसके पीछे जहां फंड की कमी बताई जा रही है, वहीं कृषि मौसम सेवा केंद्रों को आईएमडी द्वारा ऑटोमेटिड सैटेलाइट सिस्टम से सीधे तौर पर जोडऩे का भी हवाला दिया जा रहा है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में जिला कृषि मौसम सेवा की शुरुआत वर्ष 2021 में शुरू की गई थी। लगभग अढ़ाई वर्षों तक प्रदेश के तीन जिला में संचालित जिला कृषि मौसम सेवा प्रोजेक्ट को अब ऑटोमेटिड सिस्टम से जोडऩे का हवाला देकर बंद कर दिया गया है।

जिला कृषि मौसम सेवा प्रोजेक्ट के माध्यम से किसानों को मौसम आधारित जानकारी किसानों के व्हाट्स ऐप गु्रप बनाकर दी जा रही थी। वहीं प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को किसानों को मौसम आधारित जानकारी जारी की जाती थी, जबकि किसानों के जागरूकता कार्यक्रम भी प्रोजेक्ट के तहत आयोजित किए जा रहे थे। यही नहीं तीनों कृषि विज्ञान केंद्र बंद होने से इसमें सेवारत विषयवाद विशेषज्ञ मौसम केंद्र एग्रोमेट आब्र्जवर के पद भी खत्म हो गए हैं, यानी प्रदेश में जिला कृषि मौसम सेवा प्रोजेक्ट के तहत सेवारत अधिकारियों की सेवाएं भी प्रोजेक्ट के साथ ही खत्म हो गई हैं। उधर, कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं के प्रभारी वैज्ञानिक डा. पंकज मित्तल ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्रदेश के कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं सहित जिला मंडी व बिलासपुर के जिला कृषि मौसम सेवा प्रोजेक्ट बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विभाग द्वारा अब ऑटोमेटिड सिस्टम से किसानों को मौसम की जानकारी दी जाएगी। बता दें कि कृषि मौसम सेवा प्रोजेक्ट के तहत कृषि विज्ञान केंद्रों में सैटेलाइट सिस्टम से केंद्रों को लैस किया गया है, तो वहीं राडार सिस्टम भी स्थापित किए गए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App