सेरी मंच पर दर्शन देकर बड़ा देव कमरूनाग रवाना

By: Mar 16th, 2024 12:18 am

स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन अवसर पर बड़ा देव कमरूनाग ने सभी भक्तों को सेरी चाननी में बैठकर दर्शन दिए। देवता प्रात: नौ बजे सेरी चाननी में विराजमान हुए। वहीं उनके दर्शन पाने के लिए भक्तों की लंबी लंबी कतारें लगी रही। बड़ा देव कमरूनाग ने 11 बजे तक सेरी चाननी में बैठकर भक्त ों को आशीर्वाद दिया। उसके बाद बड़ा देव कमरूनाग अपने भक्त के घर चल दिए। देवता के सेरी चाननी से निकलती बार कई भक्त उनके पीछे दौड़ते दिखे। बता दें कि बड़ा देव कमरूनाग कुछ ही समय के लिए सेरी चाननी पर बैठते हैं। जिस कारण कई लोगों को देवता के दर्शन नहीं मिल पाते हैं।

देव कमरूनाग अभी कुछ दिनों तक छोटी काशी में अपने भक्तों के घरों में उनके बुलावे पर जाएंगे। सेरी चाननी में बैठने से पूर्व सर्व देवता समिति व जिला प्रशासन के द्वारा बड़ादेव कमरूनाग को राज बेहड़े में नजराना व चादर भेंट की गई। इसके बाद देव कमरूनाग ने सेरी मंच पर लोगों को कुछ देर के लिए दर्शन दिए। कमरू घाटी पहुंचने के लिए बड़ा देव को कई दिन लगेंगे। इस दौरान बड़ादेव कमरूनाग श्रद्धालुओं के बुलावे पर अपनी इच्छा के अनुसार मेहमान बनकर भक्तों के घर जाते हैं। बड़ादेव अपने लाव लश्कर के साथ अब कई दिनों तक भक्तों के यहां मेहमान रहेंगे। इसके बाद अपने मूल स्थान पर पहुंचेंगे। बता दें कि बड़ादेव कमरूनाग शिवरात्रि महोत्सव के दौरान मंडी के टारना माता मंदिर में विराजमान रहते हैं, यहां पर वह 7 दिन तक श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं। बड़ा देव कमरुनाग के आगमन से ही मंडी शिवरात्रि का शुभारंभ होता है और बड़ा देव कमरुनाग की विदाई के बाद ही जनपद के सभी देवी देवता अपने मूल स्थान के लिए रवाना होते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App