पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका, प्रमुख दलित नेता और पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह आप में शामिल

By: Mar 10th, 2024 12:04 am

सीएम भगवंत मान, कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह की मौजूदगी में थामा दामन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़
आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। कांग्रेस पार्टी के प्रमुख दलित नेता और पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी सीएम भगवंत मान और कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर की मौजूदगी में आप में शामिल हो गए। जीपी वर्तमान में फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस के जिला अध्यक्ष थे। आप में शामिल होने के बाद उन्होंने पंजाब कांग्रेस में अनुशासनहीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें हराने के लिए पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने भाई को मैदान में उतारा। जब वह रोजाना गांवों में जाते हैं तो आम लोग पूछते हैं कि पंजाब कांग्रेस के नेता आपस में क्यों लड़ते रहते हैं।

जीपी ने कहा कि कांग्रेस में भाई-भतीजावाद है। हर नेता अपने परिवार के बारे में सोचता है, लेकिन आम आदमी पार्टी आम जनता के प्रतिनिधियों की पार्टी है, इसलिए उन्होंने आप में शामिल होने का फैसला किया। जीपी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पंजाब में पिछले दो सालों के दौरान किए कार्यों की तारीफ की और कहा कि उन्हें सीएम भगवंत मान की कार्यशैली पसंद है। ‘आप’ आम लोगों की पार्टी है। गुरप्रीत सिंह जीपी का आप में स्वागत करने के लिए कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि जीपी की मौजूदगी से फतेहगढ़ साहिब लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी और मजबूत होगी। हेयर ने कहा कि गुरदीप सिंह की कार्यशैली पहले से ही आप से मेल खाती है। वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय नेता हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App