बिंदल का तंज, झूठी गारंटियों वाली सरकार का टाइम ओवर

By: Mar 29th, 2024 12:56 am

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंंत्री सुखविंदर सिंह पर कसा तंज, विधायकों को साथ नहीं चला पाए

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने गुरुवार को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि यह ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जो अपने विधायकों को साथ लेकर नहीं चल सके, एमएलए के बीच समन्वय नहीं पाए। डेढ़ साल में ही 43 विधायकों की संख्या 34 रह गई। सीएम जनता को कहते हैं कि खजाने खाली हैं और मित्रों एवं दोस्तों के लिए सरकारी धन लुटाया जा रहा है। जनता के चुने हुए विधायकों के हकों को छीनने का प्रयास किया गया। डा. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार झूठी सरकार है। झूठी गांरटियों के नाम पर सत्ता में आई इस सरकार का समय अब खत्म हो चुका है।

आने वाले एक जून को प्रदेश के सभी छह विधायकों की जीत के साथ ही हिमाचल में दोबारा भाजपा की सरकार बनना तय है। वहीं, चार जून को लोकसभा के लिए भी भाजपा उम्मीदवारों की जीत के लिए मत देकर चारों सीटों पर कमल को खिलाना है। उन्होंने कहा कि 43 विधायकों के साथ सत्ता में आई कांगे्रस सरकार के पास 15 महीने के अंदर सिर्फ 34 विधायक रह गए। ऐसी सरकार नालायक सरकार है। झूठी गांरटियों वाली सरकार है। इस सरकार में मित्र मस्त हैं और जतना त्रस्त है। उन्होंने कहा कि अपनी मर्जी से छह विधायक कांगे्रस पार्टी को छोडक़र भाजपा में शामिल हुए हैं। धर्मशाला की जनता आपके साथ खड़ी है और एक बार फिर भाजपा इन सभी छह सीटों पर चुनाव जीतकर इस सरकार को सत्ता से बाहर करने वाली है।

लोकसभा में लडूंगा कांगड़ा-चंबा की लड़ाई
भाजपा के कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी डा. राजीव भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि वह सांसद बनकर कांगड़ा व चंबा की जनता के हितों की लड़ाई लोकसभा में लड़ेंगे। जिस तरह भाजपा ने पार्टी के छोटे से कार्यकर्ता को सम्मान दिया है वह भी उसी तरह पार्टी व संगठन के साथ साथ क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। संसद में जब भाजपा के दो सांसद होते थे, तो लोग मजाक उड़ाते थे, लेकिन अब भाजपा इतिहास बना रही है। भाजपा ने दो से 302 तो कांग्रेस 400 से 40 पर पहुंच गई है। ऐसे में जनता को भाजपा व कांग्रेस में फर्क साफ दिखता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App