पंजाब में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा, जाखड़ बोले- कार्यकर्ताओं और लोगों की है यही राय

By: Mar 26th, 2024 4:01 pm

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठजोड़ की अटकलों के बीच भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में लोकसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी। सुनील जाखड़ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह फैसला लोगों की राय, कार्यकर्ताओं की राय के बाद किया है। उन्होंने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले दस सालों में जो काम किया है, भाजपा को अपने बूते ही पंजाब में सफलता मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि कृषि कानूनों को लेकर शिअद ने किसान आंदोलन-1 के दौरान भाजपा से गठबंधन तोड़ दिया था और 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था लेकिन दोनों पार्टियों की बुरी हार हुई थी। पिछले साल शिअद के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद फिर दोनों दलों के बीच गठबंधन की बातें होने लगी थीं, हालांकि सार्वजनिक तौर पर दोनों दलों के नेता इससे इनकार करते रहे। इन अटकलों ने इधर जोर पकड़ा जब लोकसभा चुनाव के निकट आने पर दोनों पार्टियों में नज़दीकियाँ बढ़ीं। सूत्रों के अनुसार दोनों पार्टियों में विभिन्न चैनलों के जरिए बातचीत चल भी रही थी और शिअद के आठ व भाजपा के पाँच सीटों पर लड़ने पर सहमति लगभग बन गई है, ऐसी अटकलें थीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App