मंडी को 50 साल बाद बुक कैफे की सौगात

By: Mar 5th, 2024 12:17 am

ऐतिहासिक घंटाघर के धरातल में अब पढऩे को मिलेंगी ज्ञानवर्धक किताबें, एक साथ 17 लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था

स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
नगर निगम मंडी ने शहर के बीचों बीच स्थित ऐतिहासिक घंटाघर में मांडव बुक कैफे के नाम से एक पुस्तकालय खोला है। नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा और उपमहापौर माधुरी कपूर ने इस पुस्तकालय का सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया। नगर निगम के आयुक्त एचएस राणा भी इस मौके पर मौजूद रहे। इस पुस्तकालय में एक साथ 17 लोगों के लिए बैठने और 8 लोगों के खड़े रहकर पुस्तकें या फि र अखबार आदि पढऩे की व्यवस्था की गई है।

इस बुक कैफ की खास बात यह है कि यहाँ पर किताबों के साथ साथ लोगों को कॉफी, चाय और स्नैक्स जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इस मौके पर मंडी के साहित्यकारों और लेखकों ने भी अपनी किताबें यहां दान की और इस बुक कैफेे के लिए नगर निगम मंडी को बधाई दी। शहर के 96 वर्षीय साहित्यकार कृष्ण कुमार नूतन को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था और उन्हें भी महापौर द्वारा सम्मानित किया गया। कृष्ण कुमार नूतन ने 50 से अधिक किताबें लिखी हैं, जिनमें मंडी और हिमाचल प्रदेश पर कई किताबें शामिल हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किताबें इंसान बनाती हैं और यह खुशी की बात है कि आज मंडी में उस स्थान पर पुस्तकालय खुला है जहां पर वह चाहते थे। वहीं, शहर के लोगों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बुजुर्गों को समय व्यतीत करने और ज्ञानवर्धक किताबें पढऩे के लिए एक उपयुक्त स्थान मुहैया हुआ है जबकि भावी पीढ़ी को भी यहां मोबाईल से हटकर किताबें पढऩे और उनसे ज्ञान प्राप्त करने का मौका मिलेगा।बता दें कि लगभग 50 वर्ष पहले भी यहां पर पुस्तकालय हुआ करता था,। उसी स्थान पर फिर से यह पुस्तकालय खोला गया है।

बुजुर्गों की मांग पर खोला पुस्तकालय
नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि शहर के लोगों विशेषकर बुजुर्गों की मांग पर इस पुस्तकालय को खोला गया है। वहीं इस पुस्तकालय में लोगों को कॉफी, चाय और स्नैक्स जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। उन्होंने बताया कि इस बुक कैफे में 17 लोगों के बैठने और 8 लोगों के खड़े होकर पढऩे की क्षमता है। इसके साथ ही मंडी शहर के चित्रकार अपनी पेटिंगस भी यहां डिसप्ले करने के लिए दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि टाउन हाल में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है और जल्द ही उसे भी जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही वार्ड स्तर पर भी ऐसे पुस्तकालय खोले जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App