एसएसपी से मिला चंडीगढ़ व्यापार मंडल, पदभार संभालने पर सिटी ब्यूटीफुल में किया स्वागत, पार्किंग की समस्या उठाई

By: Mar 14th, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

चंडीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) की पुलिस समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ पुलिस के नवनियुक्त एसएसपी यातायात एवं सुरक्षा सुमेर प्रताप सिंह से मुलाकात की और शहर के व्यापारियों की ओर से ‘सिटी ब्यूटीफुल’ में उनका स्वागत किया। सीबीएम के अध्यक्ष चरणजीव सिंह ने उनका स्वागत करते हुए एसएसपी को बताया कि चंडीगढ़ व्यापार मंडल सिटी ब्यूटीफुल के व्यापारियों का गैर राजनीतिक शीर्ष निकाय है और इसमें शहर के 125 से अधिक बाजार कल्याण और व्यापारी कल्याण संघों के प्रतिनिधि शामिल हैं। उन्होंने शहर की मार्केटों में पार्किंग की समस्या को लेकर भी चर्चा की। सीबीएम के संरक्षक अनिल वोहरा ने कहा कि चंडीगढ़ व्यापार मंडल का लक्ष्य और उद्देश्य व्यापारियों के बीच एकता, चंडीगढ़ प्रशासन, चंडीगढ़ पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित सरकार के साथ संपर्क बनाए रखकर शहर के पारंपरिक बाजारों और व्यापारियों का कल्याण करना है।

इस मौके पर कमलजीत सिंह पंछी, महासचिव सह अध्यक्ष, पुलिस समन्वय समिति, सीबीएम ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि मार्कीटों में यातायात की सुचारू आवाजाही और पार्किंग के प्रबंधन के मुद्दे को उनकी ओर से प्राथमिकता पर ध्यान दिया जाएगा और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सीबीएम के सलाहकार प्रीतपाल सिंह सोढ़ी ने कहा कि उनका सुझाव है कि चंडीगढ़ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को पुलिस सलाहकार समितियों और समय.समय पर चंडीगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जाने वाले अन्य जन भागीदारी अभियानों से जोड़ा जाना चाहिए। सीबीएम के महासचिव बलजिंदर सिंह गुजराल ने कहा कि सेक्टर 45ए केशो राम कांप्लेक्स एक थोक बाजार है और आसपास के राज्यों से ग्राहक बाजार में आते हैं। सीबीएम के अध्यक्ष चरणजीव सिंह ने बताया कि एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने उनकी बातों को ध्यान से सुना और प्रतिनिधिमंडल को शहर की मार्किटों और उसके आसपास यातायात की आवाजाही और पार्किंग सुविधा में सुधार के लिए सर्वोत्तम प्रयास करने का आश्वासन दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App