फतेहपुर में खुलेगा सिविल कोर्ट; CM का ऐलान, बोले, जनहित के लिए नई योजनाएं शुरू कर रही सरकार

By: Mar 13th, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल टीम — फतेहपुर, नूरपुर

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र को 232 करोड़ रुपए की 14 विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फतेहपुर में सिविल कोर्ट खोलने, फतेहपुर में शहीद स्मारक बनाने, फतेहपुर और राजा का तालाब में सीवरेज सिस्टम बनाने, रे कालेज का नाम स्व. सुजान सिंह पठानिया के नाम पर रखने, राजा का तालाब में ऐतिहासिक तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 75 लाख रुपए, नंगल पटवार सर्किल को पुन: खोलने, तलाड़ा, डक, गुरियाल, चकबाड़ी में 33 केवी सब-स्टेशन स्टेशन बनाने के अतिरिक्त बागबानी विभाग का पीसीडीओ फार्म खोलने की घोषणा की। इस दौरान सीएम ने कहा कि प्रदेश की जनता जनार्दन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, जिनके कल्याण के लिए प्रदेश सरकार अनेक योजनाएं लाकर उनके जीवन को सरल बनाने का प्रयास कर रही है।

इससे पूर्व फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी पठानिया ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की तरक्की और खुशहाली के लिए साधन और संसाधन विकसित करना सबसे जरूरी होता है, जिसके लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से कटिबद्ध और संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हर कोने में जाकर प्रभावितों की सहायता की। भवानी पठानिया ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू एक आम परिवार से संबंध रखते हैं, इसलिए आम आदमी की पीड़ा को भलीभांति समझते हैं। इस अवसर पर विधायक सुदर्शन बबलू, पूर्व विधायक अजय महाजन, अंबर महाजन, कर्ण पठानिया, जीत राम शर्मा, उपायुक्त हेम राज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कांग्रेस ने सत्ता में आते ही बहाल की पुरानी पेंशन

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार ने सत्ता में आते ही सबसे पहले कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई पुरानी पेंशन योजना को रद्द किया, लेकिन हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही हमने पहली कैबिनेट में पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों को राहत प्रदान करने के लिए राज्य सरकार द्वारा राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अब तक 90 हजार से अधिक इंतकाल तथा सात हजार तकसीम के मामलों का निपटारा किया जा चुका है। इसके साथ ही कानून बनाकर अनाथ बच्चों की देखभाल के लिए मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना आरंभ की गई है। यही नहीं, विधवा एवं एकल नारी के बच्चों की शिक्षा का खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है।

ओकओवर आकर कहा, शुक्रिया मुख्यमंत्री जी!

महिलाओं ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि के लिए कहा थैंक्स

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

शिमला जिला के विभिन्न क्षेत्रों से आई सैकड़ों माताओं और बहनों ने मुख्यमंत्री आवास ओकओवर शिमला में सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना लागू कर प्रदेश सरकार ने अपनी पांचवीं चुनावी गारंटी पूरी की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ देकर अपनी पहली चुनावी गारंटी पूरी की है। महापौर नगर निगम शिमला सुरेंद्र चौहान ने शिमला में शिमला हॉट स्थापित करने का आग्रह किया।इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर और राम कुमार चौधरी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, उप-महापौर उमा कौशल, रितेश कपरेट और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App