सोलन को सीएम सुक्खू ने दी करोड़ों की सौगात

By: Mar 11th, 2024 12:20 am

कार्यकर्ताओं ने पलकों पर बैठाए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, ढोल नगाड़ों से किया भव्य स्वागत

दिव्य हिमाचल टीम-सोलन
प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का सोलन पहुंचने पर कार्यकर्ताओं व लोगों ने जमकर स्वागत किया। कांग्रेस कार्यकर्तओं और लोगों ने सुक्खू जिंदाबाद के नारे लगाए और उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पलकों पर बैठा लिया और फूलमालाओं से लाद दिया। इस दौरान शहर के पुराने बस स्टैंड पर आयोजित जनसभा में लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान पुराने बस स्टैंड पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी के बावजूद प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा का मजबूती से सामना किया। प्रदेश सरकार को केंद्र से कोई विशेष सहायता प्राप्त नहीं हुई फिर भी हमने प्राथमिकताएं तय कीं और हर प्रभावित व्यक्ति को हरसंभव सहायता प्रदान की। प्रदेश सरकार आम आदमी को केंद्र में रखकर अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों का स्वरूप तय कर रही है। सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं को सरल बनाकर सरकारी सेवाओं को आम आदमी के घर-द्वार पहुंचाने का प्रयास कर रही है। इसी के दृष्टिगत राजस्व विभाग में विशेष राजस्व लोक अदालतों का आयोजन आरंभ किया गया। इसके उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना लाई गई है। इस योजना के तहत प्रदेश में ऐसी सभी विधवाओं के 27 साल तक की आयु वाले बच्चों, जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख से कम हो, की शिक्षा पर होने वाले व्यय प्रदेश सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री ने सुख-आश्रय योजना, आपदा राहत पैकेज, अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई, ग्रामीण आर्थिकी को सशक्त बनाने, ओपीएस, कर्मचारी कल्याण सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इससे पूर्व उन्होंने सोलन विस क्षेत्र के लिए लगभग 86 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

स्वास्थ्य मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने सोलन जिला में विभिन्न योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि हमें हर क्षेत्र में समय के अनुसार बदलाव लाना होगा। प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में कार्य करते हुए हर क्षेत्र में नवोन्मेषी प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अनेक कदम उठाए हैं, इससे रोजगार व स्वरोजगार सृजन को भी संबल मिलेगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने के लिए निरंतर सार्थक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सर्वत्र विकास राज्य सरकार का ध्येय है। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि प्रदेश में जनकल्याण और समाज के हर वर्ग का विकास सुनिश्चित करने के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं।

पार्किंग और इंडोर स्टेडियम को 10-10 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक और मंत्री की मांग पर पुराने बस स्टैंड के समीप बनने वाली पार्किंग के लिए 10 करोड़ और ठोडो मैदान के समीप इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए भी 10 करोड़ देने की घोषणा की।

जनसभा में मंत्रणा करते नजर आए सीएम-विक्रमादित्य
सियासी उठापटक के बीच सोलन में आयोजित जनसभा के दौरान कुछ पल ऐसे भी आए जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह आपस के बता करते नजर आए। मंच पर विराजमान दोनों नेता एक नहीं बल्कि दो-तीन बार एक दूसरे मंत्रणा करते दिखे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App