किसान छह को जाएंगे दिल्ली, 10 को रोकेंगे ट्रेन, पंधेर बोले, पंजाब वाले शंभू-खनौरी बॉर्डर पर ही बैठेंगे

By: Mar 4th, 2024 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

पंजाब-हरियाणा के शंभू-खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसान छह मार्च को दिल्ली कूच करेंगे। इसे अलावा 10 मार्च को दोपहर 12 से चार बजे तक देशभर में ट्रेनें भी रोकी जाएंगी। यह ऐलान किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने रविवार को बठिंडा में शुभकरण सिंह की अंतिम अरदास के दौरान मंच से किया। पंधेर ने कहा कि हरियाणा-पंजाब के किसान खनौरी-शंभू बॉर्डर पर ही आंदोलन चलाएंगे, जबकि देश के बाकी हिस्सों से किसान उस दिन दिल्ली पहुंचेंगे। पंजाब में किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा गैर-राजनीतिक के नेता पंधेर ने कहा कि छह मार्च को हरियाणा-पंजाब को छोडक़र दूसरे राज्यों के किसान अपने-अपने तरीके से दिल्ली पहुंचें। चाहे वे जहाज से आएं, ट्रेन से आएं, बस से आएं या फिर पैदल।

सरकार कहती है कि किसान ट्रेन-बस से दिल्ली पहुंच सकते हैं, जबकि दिल्ली जा रहे बिहार-कर्नाटक के किसानों को पुलिस ने ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया। छह मार्च के कूच से साफ हो जाएगा कि सरकार किसानों को बिना ट्रैक्टर ट्रॉली के भी दिल्ली आने देना चाहती है या नहीं। पंधेर ने आगे कहा कि आज तक इतिहास में कभी आंदोलन में ड्रोन का इस्तेमाल नहीं किया गया। सरकार ने बाहर से ड्रोन के जरिए आंसू गैस के गोले दागे। हरियाणा-पंजाब के बॉर्डर सरकार ने पाकिस्तान और चीन बॉर्डर बना दिए।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री टेनी को दोबारा टिकट का विरोध

किसानों ने उत्तर प्रदेश की लखीमपुरी खीरी लोकसभा सीट से अजय मिश्रा टेनी को दोबारा भाजपा से टिकट मिलने का विरोध जताया। सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि टेनी को टिकट देकर देश के किसान-मजदूर का अपमान किया गया है। किसान मजदूर मोर्चा इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता है। देश के 140 करोड़ लोग इसके लिए भाजपा को जरूर सबक सिखाएंगे। बता दें कि किसान लगातार अजय टेनी को केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग करते रहे, लेकिन केंद्र ने इसे नहीं माना।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App