पहले तिरुपति का आशीर्वाद, प्रचार उसके बाद, मुख्यमंत्री ने हैदराबाद के लिए भरी उड़ान

By: Mar 29th, 2024 12:07 am

विशेष संवाददाता — शिमला

हिमाचल में प्रचार से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तिरुपति में नत्मस्तक होंगे। मुख्यमंत्री यहां से आशीर्वाद लेने के बाद प्रदेश में प्रचार का अभियान शुरू करेंगे। ऐसे में हिमाचल लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहली अप्रैल से प्रचार अभियान शुरू कर सकते हैं। अभियान में उतरने से ठीक पहले मुख्यमंत्री तिरुपति में शीश नवाने गए हैं। वह पहली अप्रैल को यहां से हिमाचल वापस आएंगे और इसके बाद लोकसभा की चारों सीटों के अलावा विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस रणनीतिक तौर से काम शुरू करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुुक्खू हिमाचल से चुनाव के स्टार प्रचारक होंगे। इसके अलावा संगठन के साथ रणनीतिक चर्चा के बाद अभियान शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने को-ऑर्डिनेशन कमेटी की चंडीगढ़ में हुई बैठक में स्टार प्रचारक की भूमिका में प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों तक पहुंचने और पार्टी के पक्ष में प्रचार करने की बात कही है। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी उनके मंडी संसदीय सीट पर प्रचार की बात भी कही है। हिमाचल में लोकसभा प्रचार में जुटने से ठीक पहले मुख्यमंत्री तिरुपति में माथा टेकने गए हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को चंडीगढ़ हवाई अड्डे से हैदराबाद के लिए रवाना हुए हैं। मुख्यमंत्री 28 और 29 मार्च को हैदराबाद में रात्रि विश्राम करेंगे, जबकि 30 मार्च को हैदराबाद से तिरुपति के लिए उड़ान भरेंगे। उनका रात्रि विश्राम तिरुपति में होगा।

मंडी में प्रतिभा के लिए वोट मांगेंगे सीएम

प्रतिभा बोलीं, चंडीगढ़ में बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने किया वादा

विशेष संवाददाता — शिमला

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने वादा किया है कि मंडी संसदीय क्षेत्र का मिलकर दौरा करेंगे। सरकार के ओल्ड पेंशन और महिलाओं को 1500 रुपए देने का वादा पूरा कर दिया है। आगामी लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव को लेकर सरकार और संगठन तालमेल से मैदान में उतरेगा। प्रतिभा सिंह चंडीगढ़ से लौटने के बाद शिमला में मीडिया से बातचीत कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आपदा के समय भी मंडी संसदीय क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले हालात को देखते हुए उन्होंने चुनाव न लडऩे की बात कही थी, लेकिन चंडीगढ़ में हुई बैठक के बाद अब उन्होंने अपनी बात हाइकमान के सामने रख दी है। मंडी समेत सभी चार सीटों पर हाइकमान फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि हाइकमान उन्हें जो भी आदेश देगा, उसका वह पालन करेंगी।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रचार के दौर अब शुरू होगा। उन्होंने कहा कि हम लगातार मीटिंग करेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे। चुनावी मैदान में उन व्यक्तियों को उतारेंंगे, जो जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ मीटिंग में सभी के सुझाव सुने गए। उअब किस नेता को मैदान में उतारा जाना है, इसका फैसला हाइकमान करेगा। कांग्रेस लोकसभा और विधानसभा की सभी सीटें बहुमत के साथ जीतेगी।

कंगना को टिकट से भाजपा नेता भी हैरान-परेशान

प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र में भाजपा के पास बड़े नेताओं की लंबी सूची थी। इसके बावजूद भाजपा ने कंगना रणौत को मैदान में उतारने का फैसला किया। इससे भाजपा के नेताओं को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अंतिम चरण में चुनाव हैं और ऐसे में प्रचार के लिए समय मिल गया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की बैठक में प्रत्याशियों पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जीतने वाले प्रत्याशियों पर दांव लगाएगी। इसके लिए जल्द ही प्रत्याशियों की तलाश की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के तालमेल से कांग्रेस लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App