पहली बार हुई विधायकों की खरीद-फरोख्त, सीएम का विपक्ष पर प्रहार, जनता ऐसी धोखाधड़ी नहीं करेगी स्वीकार

By: Mar 27th, 2024 12:05 am

सीएम का विपक्ष पर प्रहार; जनता ऐसी धोखाधड़ी नहीं करेगी स्वीकार, चुनावों में होगा फैसला

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

कांग्रेस के छह बागियों को भाजपा का टिकट मिलने से साबित हो जाता है कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने हॉर्स ट्रेडिंग की थी। हिमाचल प्रदेश देवी देवताओं की भूमि है और राज्य के इतिहास में पहली बार हॉर्स ट्रेडिंग हुई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग इस तरह की खरीद-फरोख्त की परंपरा को स्वीकार नहीं करते हैं। यह बात सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि बागी नेताओं ने कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ा और जनता ने उन्हें विजयी बनाया, लेकिन ये नेता बिक गए और उसी जनता का साथ इन लोगों ने धोखा किया है।

ये न्याय की लड़ाई है और एक जून को हिमाचल प्रदेश की जनता इसका जवाब देगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता और आम लोग बड़ी संख्या में उन्हें बधाई देने ओकओवर पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्रियों, विधायकों, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों सहित हज़ारों लोगों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी और उनकी दीर्घायु की कामना की। इस दौरान समर्थकों ने नाटी डाली।

पूरे प्रदेश का दौरा करूंगा

सीएम ने कहा कि संघर्ष उनके जीवन का हिस्सा रहा है और राजनीतिक चुनौतियों का उन्होंने हमेशा डटकर मुक़ाबला कर सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से वह स्वयं कांग्रेस पार्टी के प्रचार के लिए पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे और तथ्यों को लोगों के बीच लेकर जाएंगे। राज्य सरकार ने वर्ष 2027 तक प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य बनाने तथा वर्ष 2032 तक देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

महिला कल्याण सर्वोपरि

सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं का सम्मान करती है, इसीलिए महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए प्रदान करने के लिए इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि शुरू की गई है। भ्रष्टाचार के दरवाज़े बंद करने से प्रदेश के राजस्व में 2200 करोड़ रुपए बढ़ोतरी वित्त वर्ष में हुई, जिससे जन कल्याण के लिए योजनाएँ बनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री एनएसयूआई द्वारा रिज मैदान पर लगाए गए रक्तदान शिविर में भी शामिल हुए।

होली पर कांग्रेस ने उड़ाया एकजुटता का गुलाल

विशेष संवाददाता — शिमला

कांग्रेस ने होली पर एकजुटता का संदेश दिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्यमंत्री आवास ओकओवर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को होली की बधाई दी और एक दूसरे को जमकर गुलाल भी लगाया। इस मुलाकात के बाद प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय सीट से चुनाव लडऩे पर अपने तेवर नरम कर लिए हैं। प्रतिभा सिंह के साथ ही विक्रमादित्य सिंह ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुरानी नाराजगी को अब दूर कर लिया है।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस संगठन और सरकार में दिखने वाले तालमेल की शुरुआती तस्वीर ओकओवर में नजर आई। विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि मंडी संसदीय सीट से ऐसे नेता का चुनाव होना चाहिए, जिससे मिलने के लिए मीलों सफर न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह जाहिर है कि कंगना रणौत अपना फिल्मी करियर नहीं छोड़ पाएंगी। चुनाव जीतने के बाद वह मुंबई चली जाएंगी। ऐेसे में मंडी के किसी व्यक्ति को उनसे मिलना होगा, तो उसे मुंबई तक किराया खर्च करना होगा। उन्होंने कहा कि मंडी के लोग सोच समझकर ही इस बार मतदान करें। उन्होंने कंगना को हिमाचल की बेटी बताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App