कहलूर लोक उत्सव में दिखी लोक संस्कृति की झलक

By: Mar 20th, 2024 12:16 am

उत्सव के दूसरे दिन लोक गायकों व सांस्कृतिक दलों ने दी प्रस्तुति, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक रहे मुख्यातिथि, दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का आगाज

सिटी रिपोर्टर-बिलासपुर
गोबिंद सागर झील किनारे स्थित लुहणू मैदान में चल रहे राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में आयोजित तीन दिवसीय कहलूर लोक उत्सव के दूसरे दिन लोक संस्कृति की झलक दिखी। मंगलवार को जिला भर से आए लोक कलाकारों, महिला मंडलों और सांस्कृतिक दलों ने एक से बढक़र गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने मुख्यातिथि को हिमाचली टोपी और शॉल देकर सम्मानित किया। उन्होंने लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की खूब तारीफ की। लोक गायिका सोनिका ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस दौरान लोक गायिका फूला देवी, प्यारी देवी, कमला, आंचल, सीताराम, रीमा, पूजा, चिंता, सोनिका व रमेश ने भी लोक गीतों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा महिला मंडल चकली, महिला मंडल जुरासी, महिला मंडल नौणी, महिला मंडल कंदरौर, महिला मंडल कंज्योटा, महिला मंडल कंदरौर धार, महिला मंडल घंडीर, महिला मंडल कनौण, महिला मंडल पंगा, राधे राधे महिला मंडल पीपलू घाट मलांगन, क्रांति महिला मंडल पलासनिया, नवज्योति महिला मंडल निहारखन बासला, जनचेतना कला मंच झंडूता के कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में मंच संचालन निशांत कपूर ने किया। उधर, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैणी ने बताया कि लोक संस्कृति को संजोए रखने व स्थानीय लोक कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए हर वर्ष कहलूर लोक उत्सव का आयोजन करवाया जाता है।

सूफी गायक शफी नजर सपोरी होंगे मुख्य कलाकार
बिलासपुर के राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में सूफी गायक शफी नजर सपोरी मुख्य कलाकार के रूप में प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा कुमार साहिल, योगेश मुकुल, राखी गौतम व विनोद रांटा भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं, मेले में पहली बार करवाया जा रहा लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। साथ ही स्वीप गतिविधियों के तहत आगामी लोकसभा चुनाव में जिला को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने को लेकर तैयार मेरा वोट, मेरी ड्यूटी गीत भी लांच किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App