डैमेज कंट्रोल के लिए जयराम ने संभाला मोर्चा

By: Mar 27th, 2024 12:17 am

मुलाकात करने पहुंचे विधायक रणधीर शर्मा व जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर चौधरी के समक्ष त्याग-पत्रों की पेशकश

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा करते ही डैमेज कंट्रोल के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस के बागी पूर्व विधायकों को भाजपा में शामिल करवा टिकट देने के बाद जयराम ठाकुर खुद उन्हें लेकर उनके विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। यही नहीं बल्कि इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की टीमें इन हल्कों में पहुंच कर विरोध की ज्वाला शांत करने का प्रयास कर रही हैं। विधानसभा क्षेत्र गगरेट में भी चैतन्य शर्मा की एंट्री से पहले विधायक रणधीर शर्मा व जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर चौधरी ने मंगलवार को भाजपा मंडल गगरेट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें हाईकमान के फैसले से अवगत करवाया। हालांकि जिस प्रकार मंडल पदाधिकारियों ने लावा उगला उससे अंदर धधक रही ज्वाला को शांत करना इतना आसान भी नहीं लग रहा है। भाजपा टिकट से विधानसभा उपचुनाव लडऩे वाले कांग्रेस के बागी पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा संभावित तौर पर अठाइस मार्च को गगरेट आ रहे हैं। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आने की प्रबल संभावना है।

इससे पहले मंगलवार को विधायक रणधीर शर्मा व जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर चौधरी ने मंडल पदाधिकारियों से मुलाकात की। जिसमें माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। सूत्रों की मानें तो मंडल के पदाधिकारियों ने त्याग-पत्र तक की पेशकश कर दी। बताया जा रहा है कि मंडल पदाधिकारियों ने चैतन्य शर्मा के विरुद्ध भी खूब आग उगली। इसी बीच भाजपा हाईकमान द्वारा जारी की गई उम्मीदवारों की लिस्ट आ गई। जिस पर माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कई पदाधिकारी तो नारेबाजी तक करने लगे। हालांकि जैसे-तैसे पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने उन्हें शांत करवाया। रणधीर शर्मा व जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर चौधरी मंडल पदाधिकारियों को समझाते रहे कि ये हाईकमान का फैसला है लेकिन मंडल पदाधिकारी इस फैसले से सहमत नहीं थे। विरोध की यह चिंगारी और न भडक़े इस आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। अब अठाइस मार्च को चैतन्य शर्मा के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ता कितनी तादाद में जुटते हैं और चैतन्य शर्मा के साथ यहां आने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कार्यकर्ताओं को कितना शांत करवा पा पाते हैं, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। उधर जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर चौधरी का कहना है कि कार्यकर्ताओं ने मामूली नाराजगी जाहिर की है। यह स्वाभाविक है लेकिन बड़ी बात नहीं है। सभी कार्यकर्ता पार्टी हाईकमान के फैसले का आदर करेंगे। भाजपा हर हाल में इस उपचुनाव में सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App