स्वर्ग से लौटे कुल्लू के देवता, हारियानों ने सुनाई देव वाणी

By: Mar 15th, 2024 12:55 am

फसल और बारिश पर दी अहम जानकारी, कार्यक्रमों के साथ जिला के मंदिरों में लौटी महारौनक

स्टाफ रिपोर्टर-भुंतर
देवभूमि कुल्लू के देवता बिजली महादेव स्वर्ग प्रवास से लौट आए हैं। देवता ने गुरुवार को स्वर्ग प्रवास से लौटने पर हारियानों को देवभारथा में भविष्यवाणी करते हुए साल भर में फसल और बारिश के बारे में जानकारी दी। देवता के स्वर्ग प्रवास से लौटने के साथ ही घाटी के देवताओं की स्वर्ग प्रवास से वापिस की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जानकारी के अनुसार मंदिर में इस दौरान कायक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देवता के सभी कारकूनों सहित हारियानों ने भी हिस्सा लिया और देवता का आशीष लिया। देवता के गूर ने इस दौरान भारथा भी सुनाई। बता दें कि पोष माह में घाटी के सभी देवता स्वर्ग प्रवास को निकलते हैं और देवताओं के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। घाटी के कई देवता माघ माह में तो कई देवता फाल्गुन माह में देव प्रवास से वापस लौटते हैं। देवताओं के लौटने के बाद देवताओं के दरबार में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है और देवभारथा सुनाई जाती है। बिजली महादेव सहित कुछ अन्य देवता सबसे अंत में देव प्रवास से वापिस लौटते हैं और चैत्र सक्रांति तक इन देवताओं के कपाट बंद रहते हैं। बिजली महादेव के कपाट फाल्गुन माह में शिवरात्रि होने के कारण विशेष तौर पर एक दिन के लिए खुलते हैं, लेकिन इसके बाद बंद हो जाते हैं। इसके बाद चैत्र संक्राति को ही देवताओं के कपाट खुलते हैं।

जानकारी के अनुसार बिजली महादेव में गुरुवार को फिर से रौनक देखने को मिली। इसके अलावा तहसील भुंतर के खोखन के देवता आदि ब्रहमा और देवता वीरनाथ भी दो माह बाद स्र्वगप्रवास से गुरूवार को लौटे। देवता ने गूर के माध्यम से देवभारथा सुनाई। इस मौके पर कारदार, हारियान और कारकून भी मौजूद रहे और देवगतिविधियों का आयोजन किया गया। देव समाज के प्रतिनिधियों शेर सिंह, सोहन लाल, केहर ंिसह आदि के अनुसार देवताओं का प्रवास समाप्त हो गया है और देव कारज अब देवालयों में आरंभ होंगे। बहरहाल, देवभूमि कुल्लू के सभी देवता स्वर्ग प्रवास से लौट आए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App