भू-स्खलन…दोमंजिला मकान तहस-नहस

By: Mar 3rd, 2024 12:10 am

रणूहकोठी के सियंूका गांव में पेश आया हादसा, लैंडस्लाइड के मलबे से घर में रखा सामान दबा

कार्यालय संवाददाता-भरमौर
जनजातीय उपमंडल भरमौर में शनिवार को रणूहकोठी के सियंूका गांव में भू-स्खलन की जद में आकर एक दोमंजिला मकान जमींदोज हो गया है। इसके साथ ही भू-स्खलन के चलते आए मलबे की जद में आकर ग्रामीणों की उपजाउ भूमि और पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुुंचा है। बहरहाल ग्राम पंचायत रूणूहकोठी के प्रधान शुभकर्ण सिंह ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लेने के साथ ही राजस्व विभाग को भी आगामी सूचना प्रेषित कर दी है। इस बीच युवा आजाद क्लब सामरा ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए यहां सडक़ का निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को दोषी ठहराया है। उल्लेखनीय है कि उपमंडल भरमौर में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जबकि पहाड़ों पर हिमपात का दौर जारी है। शुक्रवार रात और शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण सियंूका गांव में हुए भू-स्खलन की चपेट में आने से चुहडू राम का दो मंजिला मकान तहस-नहस हो गया है।

पता चला है कि एक वर्ष पहले ही इस मकान को बनाया था। लिहाजा भू-स्खलन के कारण आए मलबे में भीतर रखा सामान भी दब गया है। युवा आजाद क्लब सामरा के अध्यक्ष अश्वनी कुमार ने बताया कि जिस वक्त यह घटना हुई मकान मालिक गांव में मौजूद नहीं था। वह परिवार सहित रोटीन चेकअप के लिए चंबा गया हुआ था। जिसे इस बावत सूचना दे दी गई है। अश्वनी कुमार ने आरोप लगाया है कि यहां सडक़ का निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार ने मलबा फेंका हुआ था। भारी बारिश के कारण भू-स्खलन के साथ मलबा नीचे की ओर बहने लगा और इससे मकान वह लोगों की भूमि पर पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने संबंधित ठेकेदार से यहां पर जल्द डंगे समेत अन्य प्रोटेक्शन वर्क करने की मांग की थी और मामला प्रशासन के दरबार भी मीडिया के जरिए लाया गया था, लेकिन प्रोटेक्शन वर्क न होने के चलते आज यह खामियाजा भुगतना पड़ा है। उधर, ग्राम पंचायत रूणूहकोठी के प्रधान शुभकर्ण सिंह और युवा आजाद क्लब सामरा के अध्यक्ष अश्वनी कुमार ने उपमंडलीय प्रशासन से पीडि़त परिवार के हुए नुकसान की जल्द भरपाई करने की मांग की है।्र्रंङ्ग


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App