नेता प्रतिपक्ष जयराम का दावा, चार जून को बनेंगी दो सरकारें

By: Mar 30th, 2024 12:08 am

सराज भाजपा त्रिदेव सम्मेलन में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष का दावा

निजी संवाददाता — थुनाग

हिमाचल की जनता आने वाले चार जून को एक नहीं दो सरकारें चुनने जा रही है। ये मात्र लोकसभा का चुनाव नहीं है। हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि जनता 14 महीनों की सरकार को चलता कर नई सरकार चुनेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जितना जोर लगा लें, लेकिन यह झूठी सरकार टिकने वाली नहीं है। आज से ठीक एक माह पहले ही यह कांग्रेस सरकार अपना बहुमत खो चुकी है। अपने गृह क्षेत्र सराज के थुनाग में आयोजित भाजपा त्रिदेव सम्मेलन में दावा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह मात्र लोकसभा नहीं, हिमाचल में नई सरकार चुनने का भी अवसर है। राज्यसभा चुनाव के बाद आज मुख्यमंत्री सुक्खू के कारण ही ये परिस्थितियां बनी हैं, क्योंकि उनके कामकाज के तौर तरीकों से न उनके अपने विधायक खुश हैं और न कांग्रेस संगठन।

उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री के कारण कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही चुनाव लडऩे से दूर भाग रही हंै। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव के बाद विधानसभा अध्यक्ष को इस पूरे मामले में तटस्थ रहना चाहिए था, लेकिन जिन तीन निर्दलीय विधायकों ने एक सप्ताह पहले इस्तीफा दिया है, विधानसभा अध्यक्ष ने उसे स्वीकार नहीं किया है। अब पता चला है कि सरकार बचाने के लिए वह भी विदेश भाग गए हैं। उन्होंने कहा कि हम न्यायालय में इस मामले को ले जा रहे हैं। लोकतंत्र में ऐसा करना सही नहीं है।

नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय

जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओंं को संबोधित करते हुए कहा कि एक दशक में हुए ऐतिहासिक कार्यों के आधार पर कह सकता हूं कि कोई ताकत ऐसी नहीं है, जो नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से रोक सके। सराज भाजपा का पूरा परिवार आगामी लोकसभा चुनाव में भी पार्टी की जीत के लिए अहम भूमिका निभाएगा।

बागियों की वापसी पर अभी फैसला नहीं

बिंदल बोले, पार्टी छोडऩे वाले नेताओं की भी अपनी महत्त्वकाक्षाएं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

हिमाचल प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत कर चुनाव लडऩे वाले नेताओं को पार्टी में वापस लेने के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। यह बात ऊना भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में एक प्रश्न के उत्तर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने कही। पंडोह में भाजपा से बागी होकर विधानसभा चुनाव लड़े नेताओं की बैठक के बारे में पूछे प्रश्न के उत्तर में डा. बिंदल ने कहा कि जो लोग पार्टी ही छोड़ चुके है, वे कहीं भी बैठक करने के लिए स्वतंत्र हैं। सबकी महत्वकांक्षाएं हैं। डा. बिंदल ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफां को तुरंत स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन निर्दलीय विधायकोंं ने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष स्वयं व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपने त्यागपत्र सौंपे है।

डा. बिंदल ने कहा कि यदि विधायकों के इस्तीफों को समय पर स्वीकार नहीं किया जाता है, तो भाजपा इसके लिए आगामी रणनीति पर विचार करेगी। डा.राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपनी लोकप्रियता खो चुकी है। 43 विधायकों के समर्थन वाली सरकार के पास मात्र 34 विधायक रह गए है। कांग्रेस ने जनता का विश्वास खो दिया है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व विधायक सतपाल सिंह सत्ती,प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, भाजपा नेता विश्व चक्षु पुरी, शाम मिन्हास उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App