लोकसभा या विधानसभा… कपूर बिलकुल फिट

By: Mar 21st, 2024 12:15 am

पहाड़ की राजनीति में मची सियासी भगदड़ के बीच धर्मशाला पर सभी की निगाहें

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – धर्मशाला
पहाड़ की राजनीति में मची सियासी भगदड़ के बीच प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं। बदले समीकरणों के बाद बने चुनावी माहौल के बीच अब अचानक सांसद किशन कपूर चर्चा का विषय बन गए हैं। भले ही बीजेपी पार्टी के इस पुराने नेता को फ्रंट पर लाने से गुरेज कर रही हो, लेकिन लंबे समय तक धर्मशाला भाजपा का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद किशन कपूर लोकसभा व विधानसभा दोनों ही चुनावों के लिए फिट माने जा रहे हैं। हिमाचल की राजनीति में चल रहे सियासी तूफान के बीच भाजपा व कांग्रेस का आम कार्यकर्ता व पार्टी में लंबे समय से काम करने वाले पदाधिकारी परेशान हैं।

टिकटार्थियों की लंबी कतारों के बीच अब सर्वमान्य नेताओं पर चर्चा हो रही है। ऐसे में अब पुराने एवं वरिष्ठ नेताओं के नामों पर सियासी चौपालों पर खूब चर्चा चल रही है। भाजपा से जुड़े पुराने कार्यकर्ता अब सांसद किशन कपूर को दोनों ही सदनों के लिए सर्वमान्य नेता मान रहे हैं। देश में सर्वाधिक मत प्रतिशतता के साथ 2019 का चुनाव जीतने वाले किशन कपूर पूर्व में धर्मशाला से पांच बार विधायक और तीन वार मंत्री भी रहे चुके हैं। ऐसे में अब लोग उन्हें फिर याद करने लगे हैं। 73 वर्षीय किशन कपूर कुछ पार्टी नेताओं के व्यवहार से आहत हैं। पिछले कुछ दिनों से हिमाचल में बने सियासी माहौल के बाद अचानक से खनियारा रोड़ स्थित दाडऩू की ओर भाजपा कार्यकर्ताओं की आवाजाही बढ़ गई है।

सांसद किशन कपूर के बोल

सांसद किशन कपूर का कहना है कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण, सीयू के धर्मशाला प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार से मंजूरी, फोरलेन को धरातल पर उतराने की प्रक्रिया को गति दी गई हैं। कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण की प्रकिया को आगे बढाया गया है। चंबा से पिछड़पन का टैग मिटाने को कनेक्टिविटी सहित कई परियोजनाओं पर काम चल रहे हैं। शहीद स्मारक को सांसद निधि से करीब सवा करोड़ की धनराशि उपलब्ध करवाई। रेलवे लाइन की मरम्मत के साथ माडल रेलवे स्टाप सहित सडक़ निर्माण के लिए करोड़ों का प्रावधान किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App