नड्डा से बागी विधायकों की लंबी बैठक, भाजपा में शामिल होने से पहले पूरी हो रहीं औपचारिकताएं

By: Mar 22nd, 2024 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

कांग्रेस के छह बागी विधायक भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। नई दिल्ली में गुरुवार देर रात छह नेताओं सहित तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की है। उनके साथ भाजपा के हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल भी थे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ यह मुलाकात काफी लंबी चली है। विधिवत रूप से जल्द ही सभी के भाजपा में शामिल होने का ऐलान संभव है। जेपी नड्डा के आवास पर राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, आईडी लखनपाल, रवि ठाकुर, देवेंद्र भुट्टो और चैतन्य शर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा निर्दलीय विधायक होशियार सिंह, आशीष शर्मा और केएल ठाकुर भी भाजपा में शामिल होंगे। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी हर्ष महाजन के पक्ष में वोट करने के बाद सभी नौ विधायक विगत 28 फरवरी से हिमाचल से बाहर हैं। पहले वे पंचकूला के ललित होटल में रहे और फिर ऋषिकेश पहुंचे। इस समय वे गुरुग्राम में थे। उनके कुछ समय से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मिलने की सूचना थी। यह सूचना गुरुवार को पुख्ता हो गई। अब महज उनके भाजपा में शामिल होने की औपचारिकता बाकी है।

हालांकि छह विधायकों ने उन्हें बर्खास्त किए जाने को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। विधानसभा स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने व्हिप के उल्लंघन पर छह कांग्रेस विधायकों को विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिया था। इसी फैसले को बागी विधायकों ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। इस मामले में 18 मार्च को सुनवाई के दौरान छह नेताओं को राहत नहीं मिली थी। सर्वोच्च अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई छह मई को तय की है। इतना लंबा इंतजार करने के मूड़ में न तो भाजपा है और न ही अयोग्य घोषित विधायक। पार्टी सिर्फ कोर्ट में दायर याचिका के अनुसार लीगल पक्ष देख रही है। पिछली रात को वकीलों की टीम ने इन विधायकों के साथ भी बात की है। इसलिए भाजपा में शामिल होने में समय भी लग रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App