फोरलेन से चमकेगा मनाली का पर्यटन कारोबार

By: Mar 13th, 2024 12:15 am

टूरिस्ट सीजन को लेकर नगर परिषद मनाली पूरी तरह तैयार, अध्यक्ष चमन कपूर ने पीएम को कहा थैंक्स

निजी संवाददाता- मनाली
हिमाचल प्रदेश नगर निगम एवं नगर निकाय फेडरेशन के अध्यक्ष एवं नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि फोरलेन से मनाली का पर्यटन कारोबार निखरेगा। हजारों करोड़ रुपए की सौगात पीएम मोदी ने प्रदेश को दी है। अभी हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा भी कुल्लू से मनाली वाम तट मार्ग को डबल लेन बनाने के लिए एक हजार करोड़ रुपए की घोषणा की है। जिसके बनने से किरतपुर से मनाली तक फोरलेन की सुविधा न केवल प्रदेश वासियों को मिलेगी बल्कि मनाली व लाहुल स्पीति आने वाले पर्यटकों के लिए भी एक बहुत बड़ी सौगात है। चमन कपूर ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन को उंचाई पर ले जाने के लिए फोरलेन की अहम भूमिका रहेगी। मनाली सहित लाहुल स्पीति में पर्यटकों की पहुंच ओर सुगम हो जाएगी।

पर्यटन कारोबार बढऩे से लोगों की रोजी रोटी चलेगी। उन्होंने कहा कि मनाली जैसे पहाड़ी क्षेत्र में पर्यटन व्यवसाय ही लोगों की आर्थिकी का आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि समय-समय पर पीएम ने हिमाचल प्रदेश को कई बड़े तोहफे दिए। अब किरतपुर से सुंदरनगर तक फोरलेन का निर्माण पूरा हो पाया है। इससे पर्यटन को पंख लगेंगे। सैलानियों में संख्या में भी इजाफा होगा। पर्यटन नगरी मनाली की सफाई व्यवस्था को लेकर कपूर ने कहा कि मनाली की सफाई व्यवस्था बेहतर रहेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समर सीजन को लेकर नगर परिषद तैयारी में जुट गई है। शहर के सात वार्ड को तीन सेक्टर में बांटा गया है ताकि सफाई व्यस्वथा बेहतर हो सके। नगर परिषद मनाली के उपाध्यक्ष मनोज कुमार व पार्षद ललिता भी बैठक में मौजूद रही। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि शहर को साफ सुथरा रखने में अपना योगदान दें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App