विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने चलाया संपर्क अभियान

By: Mar 28th, 2024 12:17 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पक्ष में बुधवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक सतपाल सिंह सत्ती विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में संपर्क अभियान चलाया। सतपाल सत्ती ने बहडाला, देहलां, बारसड़ा और सुनेहरा में संपर्क अभियान के दौरान अनुराग ठाकुर के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। सतपाल सत्ती ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संसदीय क्षेत्र के रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य करवाए है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश के लिये कई बड़ी विकास योजनाएं यहां स्थापित की हैं। सतपाल सत्ती ने कहा कि इसके ठीक उलट प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने केवल मात्र जनता को झूठे वादे करके ठगने का काम किया है। मुख्यमंत्री की जब राजनीतिक जमीन खिसकने लगी तो उन्होंने आनन-फानन में आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने का ऐलान कर दिया। लेकिन मुख्यमंत्री बताएं कि सरकार की पहली कैबिनेट के बाद लागू होने वाले फैसले को लेकर 14 महीने का समय कैसे लग गया।इस मौके पर भाजपा नेता बलबीर सिंह बग्गा, प्रधान रमेश चंद, उप प्रधान अविनाश कुमार, पूर्व उप प्रधान सुरेश दानु, परवीन कुमारी उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मनजीत कौर, अमरैल सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य मनदीप कौर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रूपिंदर देहल, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं अन्य भी इस मौके पर मौजूद रहे। वहीं इसके अलावा अन्य भी मौजूद रहे और इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और नीतियों के बारे में जानाद्ध

महासचिव विवेक शर्मा ने भाजपा पर किया वार

ऊना। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव विवेक शर्मा ने कोटला में डोर टू डोर प्रचार करते हुए कहा कि भाजपा ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से धोखेबाज को अपना प्रत्याशी नियुक्त किया है। पहले भाजपा को छोड़ा, फिर कांग्रेस को छोड़ा। ऐसा व्यक्ति विश्वास के लायक नहीं है। भाजपा में कितने दिन रहेंगे, इसका भी कोई पता नहीं है। सिर्फ अपने स्वार्थ से मतलब है। विवेक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को धोखा देकर भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के बागी विधायक को अपने किए पर शर्म आनी चाहिए। विवेक शर्मा ने कहा कि 14 महीनों में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी विधायकों को पूरा सम्मान दिया, लेकिन अपने स्वार्थ के कारण टोला बनाकर कांग्रेस को धोखा देने वाले अपनी नालायकी छुपाने के लिए मुख्यमंत्री पर आरोप लगाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घर वापसी की बात करने वाले भुट्टो बताएं कि उन्हें कांग्रेस में आने के लिए किसने बोला था। विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सम्मान दिया और देवेंदर भुट्टो सम्मान को पचा नहीं पाए। वहीं, कुटलैहड़ कांग्रेस के अध्यक्ष राम आसरा ने भी भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो पर जमकर हमला बोला।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App