वाराणसी से ही उतरेंगे PM मोदी; भाजपा ने चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की जारी

By: Mar 3rd, 2024 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची में 195 नाम हैं, जिनमेंं 34 केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री भी शामिल हैं। इसके अलावा, लोकसभा अध्यक्ष, दो पूर्व मुख्यमंत्री को भी टिकट दिया गया है। वहीं, 28 महिलाओं को भी मैदान में उतारा गया है। 50 से कम उम्र के 47 उम्मीदवारों ने पहली लिस्ट में जगह बनाई है। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश की 51, पश्चिम बंगाल की 20, मध्य प्रदेश की 24, गुजरात की 15, राजस्थान की 15, झारखंंड की 11, छत्तीसगढ़ की 11, केरल की 12, तेलंगाना की नौ, असम की 11, दिल्ली की पांच, जम्मू-कश्मीर की दो, उत्तराखंड की तीन, अरुणाचल की दो, गोवा की एक, त्रिपुरा की एक, अंडमान की एक, दमन और दीव की एक सीट शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से वाराणसी से ही चुनाव लड़ेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से मैदान में होंगे, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गुजरात के गांधीनगर से ही मैदान में उतारा गया है। यूपी की अमेठी सीट से इस बार फिर से स्मृति ईरानी को टिकट दिया गया है। यूपी में विवादों के बावजूद लखीमपुर खीरी से अजय मिश्रा टेनी का टिकट दिया गया है, जबकि मथुरा से हेमामालिनी को बरकरार रखा है। इसके अलावा आगरा से सत्यपाल सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी से राजकुमार चहर, एटा से राजवीर सिंह, उन्नाव से साक्षी महराज, लखनऊ से राजनाथ सिंह, अमेठी से स्मृति ईरानी, गोरखपुर से रवि किशन, आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ तथा चंदौली से महेंद्र नाथ पांडे को टिकट दिया गया है। दिल्ली में भाजपा के पांच उम्मीदवारों में से चार नए हैं, सिर्फ मनोज तिवारी हुए रिपीट किए गए हैं। नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी की जगह सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को टिकट दिया गया है।

दो सीटों पर सस्पेंस बरकरार है। चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल, पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत तथा दक्षिण दिल्ली से रामवीर सिंह विधूड़ी भाजपा उम्मीदवार होंगे। मध्य प्रदेश के गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा विदिशा से शिवराज सिंह चौहान का उतारा गया है। गुजरात से नामी चेहरों में गांधीनगर से अमित शाह, पोरबंदर से मनसुखभाई मांडविया, झारखंड के गोड्डा से निशिकांत दुबे, रांची से संजय सेठ, सिंहभूम से गीता कोडा, कुंटी से अर्जुन मुंडा को उतारा गया है। पार्टी ने केरल से एक मुस्लिम उम्मीदवार अब्दुल सलामको उतारा है, जो मंगलापुरम सीट से लड़ेंगे। अरुणाचल प्रदेश वेस्ट से किरण रिजिजू , जम्मू कश्मीर के उधमपुर से डाक्टर जितेंद्र सिंह, जम्मू से जुगलकिशोर शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है। राजस्थान के जोधपुर से गजेंद्र सिंह शेखावत, कोटा से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और चित्तौडग़ढ़ से सीपी जोशी लोकसभा चुनाव लडऩे वाले हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App