होलीलॉज में प्रतिभा सिंह से मिले मुकेश अग्निहोत्री, चर्चा कर नाराजगी दूर करने की कोशिश

By: Mar 3rd, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

कैबिनेट की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के घर होलीलॉज पहुंचे। इन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह के साथ लंबी चर्चा की। वर्तमान में सरकार के ऊपर जारी संकट को देखते हुए प्रतिभा सिंह की नाराजगी को दूर करने की कोशिश इस बैठक को देखा जा रहा है। प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह के दिल्ली दौरे के कारण वैसे ही हिमाचल में आजकल अटकलों का दौर है। कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल सरकार की वर्किंग में समन्वय लाने के लिए अभी को-ऑर्डिनेशन कमेटी का गठन भी करना है। इस कमेटी में मुख्यमंत्री, पीसीसी प्रेजिडेंट और उपमुख्यमंत्री के अलावा तीन और सदस्य शामिल किए जाने हैं। संभव है, इस मुलाकात के दौरान इस कमेटी पर भी बात हुई हो। कांग्रेस के बागी विधायकों का मामला भी इस दौरान चर्चा में आया।

हाईकमान से मिलेंगे विक्रमादित्य सिंह

शिमला। विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस के बागी विधायकों को लेकर दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान को अपनी रिपोर्ट देंगे। वह शनिवार को निजी काम से उदयपुर गए थे और रात को दिल्ली लौट आए हैं। दिल्ली जाने से पहले पंचकूला में वह बागी विधायकों के साथ मिले थे। वह कांग्रेस ऑब्जर्वर डीके शिव कुमार के कहने पर ही इनसे बात करने गए थे। इनकी एकमात्र शर्त लीडरशिप में बदलाव किया जाए। फैसला कांग्रेस पार्टी ने लेना है। सोशल मीडिया अकाउंट से विभाग या अन्य चीज हटाने को लेकर कहा कि यह बदलाव तीन-चार महीने पहले हुआ है। विक्रमादित्य रविवार को शिमला लौटेंगे।

चुवाड़ी को जल शक्ति मंडल कार्यालय पर सीएम का थैंक्स

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शनिवार को शिमला में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में चुवाड़ी को जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने जिला चंबा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय फगोट को राजकीय उच्च विद्यालय तथा राजकीय उच्च विद्यालय जोलना, रंग, भराड़ी और मथोलु को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहुता में चिकित्सा अधिकारी व डेंंटल मेकेनिक का एक-एक अतिरिक्त पद सृजित करने के लिए भी आभार व्यक्त किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इन निर्णयों से क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से लंबित मांगें पूरी हुई हैं।

राजस्व अदालतों में 20531 मामलों का किया निपटारा

सबसे ज्यादा 16748 केस इंतकाल के निपटाए

लोगों के लिए वरदान बनी राजस्व अदालतें

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित की जा रही राजस्व लोक अदालतें लोगों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। इन अदालतों के माध्यम से वर्षों से लंबित मामलों को जल्द निपटाया जा रहा है। राजस्व मंत्री ने कहा कि 28 तथा 29 फरवरी को प्रदेश भर में राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया। इस दौरान इंतकाल के 16748, तकसीम के 936, निशानदेही के 2330 तथा राजस्व दुरुस्ती इंद्राज के 517 मामलों सहित कुल 20531 मामलों का निपटारा किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को त्वरित सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व विभाग द्वारा इसी उद्देश्य के तहत प्रत्येक माह के अंतिम दो कार्य दिवस पर राजस्व लोक अदालतों का आयोजन करने का निर्णय लिया है, जिनमें लोगों के राजस्व कार्यों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App