अब कोर्ट में लड़ी जाएगी बगावत की लड़ाई; SC गए, तो सिंघवी से होगा बागी विधायकों का सामना

By: Mar 4th, 2024 12:08 am

राज्य ब्यूरो प्रमुख — शिमला

कांग्रेस विधायक दल के बीच हुई बगावत की लड़ाई अब कोर्ट में लड़ी जाएगी। ऐसा माना जा रहा है कि छह बागी विधायकों की ओर से स्पीकर के फैसले को सोमवार को चुनौती कोर्ट में दी जाएगी। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने कांग्रेस विधायकों सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा, देवेंद्र भुट्टो, चैतन्य शर्मा, रवि ठाकुर और इंद्र दत्त लखनपाल को एंटी-डिफेक्शन लॉ की प्रावधानों के तहत अयोग्य घोषित करते हुए विधानसभा से उनकी सदस्यता खत्म कर दी थी। ये सभी छह कांग्रेस विधायक तीन अन्य निर्दलीय विधायकों के साथ पंचकूला के होटल ललित में रुके हुए हैं और सीआरपीएफ की प्रोटेक्शन में हैं। भाजपा के दो विधायक विक्रम सिंह ठाकुर और राकेश जमवाल भी इनके साथ हैं। स्पीकर द्वारा अयोग्य घोषित किए जाने के बाद से अब तक उनकी अगली रणनीति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

हालांकि स्पीकर के पास चली याचिका में उनकी तरफ से भाजपा के ही सीनियर एडवोकेट सत्यपाल जैन ने पैरवी की थी। अब माना जा रहा है कि सोमवार या मंगलवार को स्पीकर के फैसले को ये चुनौती देंगे। यह चुनौती सुप्रीम कोर्ट में दी गई, तो कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार इनका सामना सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी से होगा, जिन्हें इन्होंने क्रॉस वोट करके हराया था। हालांकि, मामला क्रॉस वोटिंग का नहीं है। यह केस विधानसभा के अंदर पार्टी व्हिप की अनुपालना न करने का है। विधानसभा स्पीकर के फैसले के बाद छह विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला, सुजानपुर, लाहुल-स्पीति, गगरेट, बड़सर और कुटलैहड़ खाली घोषित किए जा चुके हैं। यदि बागी विधायकों को कोर्ट से स्पीकर के फैसले पर स्टे नहीं मिला, तो इन्हें लोकसभा चुनाव के साथ उपचुनाव लडऩा होगा। हिमाचल में चल रही इस उथल-पुथल के बीच भाजपा की रणनीति क्या है, इसका खुलासा भी कोर्ट में याचिका दायर होते ही हो जाएगा।

विक्रमादित्य सिंह ने भी अभी नहीं खोले पत्ते

बागी विधायकों से बात करने के लिए विक्रमादित्य सिंह पंचकूला गए थे। वहां से वह दिल्ली चले गए हैं। दिल्ली दौरे के दौरान वह हिमाचल भवन या हिमाचल सदन में रुकने के बजाय अपने निजी घर में रुके हैं। दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला से भी उन्होंने बात की है। रविवार शाम को वह प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल से मिले हैं। विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस हाईकमान के ऑब्जर्वर के शिमला आने से पहले इस्तीफा की घोषणा भी कर चुके थे। ऐसे में उनके अगले कदम पर सबकी नजर है। सूत्रों के अनुसार सोमवार को वह दिल्ली से चंडीगढ़ लौटेंगे।

मुकेश अग्निहोत्री चंडीगढ़ गए, आज दिल्ली रवाना होंगे

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रविवार को शिमला से चंडीगढ़ चले गए हैं। उन्होंने अपना बाकायदा टुअर प्रोग्राम जारी किया है। चंडीगढ़ से सोमवार को वह दिल्ली भी जा सकते हैं। उप मुख्यमंत्री के साथ उनकी बेटी भी गई हैं। हरोली में धर्मपत्नी सिम्मी अग्निहोत्री के निधन के बाद राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के लिए मुकेश अग्निहोत्री को बुलाया गया था। वह बेटी आस्था को भी शिमला साथ ले आए थे। फिर कांग्रेस विधायक दल में हुई क्रॉस वोटिंग के बाद की स्थितियों को देखते हुए वापस ऊना नहीं जा पाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App