पीएम आज कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का करेंगे शुभारंभ

By: Mar 11th, 2024 12:10 am

कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का पुंग तक नई दिल्ली से होगा वर्चुअल लोकार्पण, पीटरहॉफ शिमला में कार्यक्रम का होगा आयोजन, जयराम बिंदल लेंगे भाग

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का पुंग तक शुभारंभ करेंगे। पीएम नई दिल्ली से वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस फोरलेन के शुरू होने के बाद प्रदेश के अलावा अन्य बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के साथ ही पर्यटकों को लाभ मिल रहा है। वहीं, अब इसका विधिवत शुभारंभ होगा। इस कार्यक्रम के उपलक्ष्य पर पीटरहॉफ शिमला में भाजपा नेताओं द्वारा वर्चुल सुना जाएगा। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल और भाजपा का समस्त नेतृत्व शामिल होगा। जानकारी के अनुसार फोरलेन को बनाने में 4759 करोड़ रुपये की राशि खर्च हुई है। 69 किलोमीटर लंबे फोरलेन को बनाने में कंपनी को करीब चार साल लगे। इसमें ग्रीन फील्ड की लंबाई 4753, ब्राउन फील्ड की 2145 किलोमीटर है। 14 अगस्तए, 2019 को ब्राउन फील्ड का 249 करोड़ का टेंडर अवॉर्ड हुआ था। 27 नवंबर, 2019 को काम शुरू हुआ और 30 अप्रैलए 2023 को इसे पूरा कर लिया गया।

ग्रीन फील्ड का टेंडर 16 अक्तूबर, 2020 को अवॉर्ड हुआ और 12 अगस्तए 2021 को काम शुरू कर 7 जून 2023 को इसे पूरा कर दिया। इस परियोजना में पांच टनल बनाई गई हैं। इनमें सबसे बड़ी टनल 1800 मीटर गरामोड़ा है। टीहरा टनल 1265 मीटर, भवाणा टनल 740 मीटर, तुन्हू टनल 550 मीटर और सबसे छोटी टनल बागछाल 465 मीटर है। सभी टनल डबललेन तैयार हो गई हैं। चार टनल की समानांतर सुरंग के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। गरामोड़ा टनल की समानांतर सुरंग का काम चल रहा है। उसका काम भी काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। परियोजना में कुल 37 पुल बने हैं। इनमें 22 बड़े और 15 छोटे पुल हैं। हालांकि इससे पहले लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। लेकिन फोरलेन बन जाने के बाद लोगों को सुविधा मिल रही है। सफर कम हुआ है।

बरसात के मौसम में फोरलेन को हुआ था नुकसान

बता दें कि बरसात के मौसम में इस फोरलेन को भारी नुकसान हुआ था। कई जगह पर ल्हासे गिरे थे। यहां तक कि यह फोरलेन बंद भी हो गया था। लेकिन संबधित कंपनी की ओर से इस फोरलेन को दोबार दुरुस्त किया गया और लोगों को बेहतर सफर सुविधा मिलना शुरू हुई। बहरहाल अब यह फोरलेन लोगों को सुविधा मुहैया करवा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App