सियासी घमासान : सुधीर को कपूर-चौधरी-नैहरिया से चैलेंज

By: Mar 30th, 2024 12:08 am

धर्मशाला में सियासी घमासान, कांग्रेस में भी आधा दर्जन टिकट के तलबगारों ने ठोंकी ताल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला एक बार फिर हॉट सीट बन गई है। पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के कांग्रेस छोड़ भाजपा का प्रत्याशी बन जाने के बाद यहां का सियासी पारा अचानक चढ़ गया है। भाजपा नेता उनकी एंट्री से परेशान हैं, तो कांग्रेस में धर्मशाला का नेता बनने को कार्यकर्ता अपनी-अपनी ताल ठोंक रहे हैं। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए सुधीर शर्मा का पूर्व मंत्री एवं सांसद किशन कपूर विरोध कर रहे हैं। पिछली बार के भाजपा प्रत्याशी राकेश चौधरी तो पार्टी से इस्तीफा देकर दूसरे चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं, पिछली बार पार्टी से हटकर आजाद चुनाव लडऩे वाले विपिन नैहरिया भी शर्मा का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस छोड़ भाजपा की शरण में जाने वाले सुधीर शर्मा को फिर से धर्मशाला का विधायक बनने से पहले कई सियासी सीढिय़ां पार करनी होंगी। बीजेपी के धर्मशाला में करीब एक दर्जन से अधिक पदाधिकारी टिकट के लिए दावेदारी जता रहे थे, हालांकि वह अभी तक चुप हैं और पार्टी के साथ खड़े हैं, लेकिन सबको साथ लेकर चलना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। उधर, सुधीर के जाने के बाद कांग्रेस में खाली हुए स्थान को पाने के लिए करीब आधा दर्जन से अधिक कांग्रेस पदाधिकारी टिकट को जोड़तोड़ कर रहे हैं। कई नेता फ्रंटफुट खेल रहे हैं, तो कुछ दिल्ली व शिमला से टिकट को जुगाड़ भिड़ा रहे हैं। कांग्रेस भी सुधीर शर्मा के खिलाफ किसी हलके कद के व्यक्ति के नाम पर दांव खेलने के मूड में नहीं है।

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र सिंह जग्गी महापौर सहित अन्य पार्षदों व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं, जबकि वर्ष 2012 में टिकट हासिल कर कुछ दिन के प्रचार करने के बाद टिकट कट जाने वाले गद्दी नेता मनोज कुमार भी धर्मशाला कांग्रेस से टिकट की दावेदारी जता रहे हैं। कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लडऩे वाले विजयइंद्र करण भी सुधीर शर्मा का मुखर विरोध कर टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। इसके अलावा पिछले कुछ दिनों से अचानक पूर्व मंत्री चंद्रेश कुमारी की बहू शैलजा कटोच का नाम भी चर्चा में है। शैलजा धर्मशाला में ही एक निजी स्कूल का संचालन करती हैं। चंद्रेश कुमारी की दस जनपद में मजबूत पकड़ के चलते कटोच की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। इसके अलावा भी कांग्रेस के कई पदाधिकारी टिकट के लिए जोड़ तोड़ कर रहे हैं। ऐसे में धर्मशाला सीट पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव रोचक बन गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App