‘मोदी का परिवार’ पर गरमाई सियासत, मलोया में भाजपा वर्कर्ज ने दोबारा लगाई घरों से हटाई नेम प्लेट्स

By: Mar 22nd, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— चंडीगढ़

आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर जहां चंडीगढ़ में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हंै, वहीं सियासत भी गरमाने लगी है। पिछले दिनों मलोया गांव में घरों (निजी संपत्तियों) पर लगाई गई मोदी परिवार की नेम प्लेटें कांग्रेस पार्टी की शिकायत और प्रशासन की आपत्ति के बाद नगर निगम द्वारा हटाने को लेकर सियासत जारी है। जिन घरों से ये नेम प्लेटें हटाई गई थीं, उन घरों पर फिर से इस तरह की नेम प्लेटें लगना शुरू हो गई हैं। चंडीगढ़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जितेंदरपाल मल्होत्रा की अगवाई में गुरुवार को यहां मलोया गांव में ‘हर हर मोदी, घर घर मोदी’ के नारे लगाते हुए पदयात्रा की गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में ‘मैं मोदी परिवार’ की पट्टियां और ‘हम हैं मोदी परिवार’ के बैनर लेकर पदयात्रा में हिस्सा लिया। इसके साथ ही भाजपा के झंडे लेकर हजारों की संख्या में मलोयावासी भी पदयात्रा में शामिल हुए। गांव में लोगों के घरों के बाहर उनकी सहमति से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने लोगों के घरों के बाहर नेम प्लेटें लगाईं। इस मौके पर लोगों का कहना था कि उन्होंने अपनी मर्जी से अपने घरों की बाहर ‘मैं हूं मोदी परिवार’ की नेम प्लेटें लगाई थीं मगर न जानें क्यों नगर निगम ने उनके घरों से ये नेम प्लेटें हटा दी थीं।

गुरुवार को दोबारा नेम प्लेटें लगने के बाद इन्होंने कहा कि नेम प्लेटें लगें या किसी भी कारण से हटें, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके दिल में हैं और उनके द्वारा देश के लिए किए गए विकास कार्यों से वह संतुष्ट हैं और चाहते हैं कि इस बार चुनाव में भाजपा अपने लक्ष्य से भी अधिक सीटें जीत कर लोकसभा पहुंचे और देश की जनता के लिए और जो कार्य होने वाले हैं, उन्हें गति दे। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जितेंदरपाल मल्होत्रा और महामंत्री अमित जिंदल ने कहा कि गुरुवार की पदयात्रा में जिस उत्साह से भीड़ उमड़ी है, यही मोदी की ताकत है। इस ताकत को देख विपक्ष सहमा हुआ है और चुनाव बिगुल बजने के बाद से तरह-तरह के हत्थकंडे अपना कर भाजपा को बदनाम करने की साजिशें रच रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता तीसरी बार मोदी सरकार लाने का मन बना चुकी है। अब सिर्फ मतदान का इंतजार है। उन्हें उम्मीद ही नहीं पूरा यकीन है कि देश की जनता इस बार भाजपा को 400 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज कराने में अपना अहम योगदान देगी। इस मौके पर प्रदेश सचिव संजीव राणा, रमेश सोहड़, प्रदेश प्रवक्ता विजय राणा, जिलाध्यक्ष रवि रावत, उपाध्यक्ष राज कुमार राणा, युवा मोर्चा अध्यक्ष महकवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष कृष्ण गर्ग, महिला विंग महामंत्री रेखा सूद, अमित मिश्रा, राजीव पांडेय, प्रदीप कुमार, बृजेंद्र कुमार, आशीष चौधरी, हरिशंकर मिश्रा, संजय बिहारी, शोभित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी वह भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App