चंबा में पीडब्ल्यूडी को पचास लाख रुपए का नुकसान

By: Mar 4th, 2024 12:15 am

बारिश से चंबा-तीसा सडक़ पर भू-स्खलन होने से दस घंटे थमे रहे गाडिय़ों के पहिए

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर बारिश के कारण जगह-जगह भू-स्खलन होने से रविवार को करीब दस घंटे वाहनों के पहिए थमे रहे। दोपहर बाद लोक निर्माण विभाग ने बारिश के बीच मार्ग से मलबा व पत्थर हटाकर छोटे वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया है। हालांकि बारिश के लगातार जारी रहने के चलते तीसा मार्ग पर मलबे व पत्थर गिरने का सिलसिला बना हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों से खराब मौसम के बीच आवाजाही न करने का आग्रह किया गया है। तीसा मार्ग के बंद होने के चलते लगातार दूसरे दिन भी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं उपमंडल मुख्यालय नहीं पहुंच पाई हैं। जानकारी के अनुसार तीसा मार्ग पर बारिश के कारण हुए भूस्ख्लन के चलते रविवार को तीसा नाला, पंगोला नाला व चांजू नाला के पास भू-स्खलन होने से मलबा व चट्टानें आ गिरने से वाहनों के पहिए थम गए।

लोक निर्माण विभाग ने बारिश के बीच जेसीबी मशीनों के सहयोग से मलबा व पत्थर हटाकर दोपहर तीन बजे तीसा मार्ग को छोटे वाहनों के लिए दोबारा से खोलने में सफलता हासिल कर ली। मौसम के बिगड़े रूख को देखते हुए तीसा मार्ग पर जगह-जगह भू-स्खलन का दौर जारी रहने के चलते लोक निर्माण विभाग ने फिलहाल वाहनों के जरिए आवाजाही न करने को कहा है। उधर, लोक निर्माण विभाग तीसा मंडल के एक्सईएन जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण तीसा मुख्य मार्ग पर जगह-जगह भू-स्खलन होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग को करीब पचास लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App