वीरेंद्र कंवर को प्रभारी का दायित्व

By: Mar 30th, 2024 12:14 am

भुट्टो को शामिल करने पर पार्र्टी में उपजा असंतोष शांत

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक देवेंद्र भुटटों को विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने से मंडल भाजपा में उपजे अंसतोष को काफी हद तक दूर कर लिया गया है। भाजपा ने पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के प्रभारी का दायित्व सौंप दिया है,वहीं वीरेंद्र कंवर को महत्वपूर्ण दायित्व मिलने के बाद कुटलैहड़ भाजपा मंडल ने भी नाराजगी को पीछे छोड़ते हुए क्षेत्र में भाजपा के लोकसभा व विधानसभा उपचुनावों के लिए प्रत्याशियों की जीत के लिए रणनीति बनाने हेतू 30 मार्च को बंगाणा में कार्यकर्ताओं की अहम बैठक बुला ली।

इससे पहले प्रदेश भाजपाध्यक्ष डा.राजीव बिंदल व प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं श्री नैना देवी से विधायक रणधीर शर्मा ने कुटलैहड़ भाजपा में उठी विरोध की ज्वाला को ठंडा करने के लिए शुक्रवार को पूर्व मंत्री व कुटलैहड़ से चार बार विधायक रहे वीरेंद्र कंवर के साथ बैठक की। पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर के घर सुबह नाश्ते की टेबल पर डा.राजीव बिंदल व रणधीर शर्मा ने वीरेंद्र कंवर को पार्टी के लिए कार्य करने व लोकसभा चुनावों के साथ-साथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए अपनी प्रभावी भूमिका निभाने का आग्रह किया। बैठक में वीरेंद्र कंवर ने मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम में उनको व पार्टी कार्यकर्ताओं को विश्वास में न लेने की बात रखी,वहीं उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को उचित मान-सम्मान देने का भी पक्ष रखा। डा.राजीव बिंदल ने वीरेंद्र कंवर को विश्वास दिलाया कि पार्टी में उनके मान-सम्माान को बरकरार रखा जाएगा। डा.राजीव बिंदल ने वीरेंद्र कंवर को पार्टी कार्यालय में प्रदेश स्तरीय भाजपा की बैठक में शामिल होने को भी कहा,जिसके बाद वीरेंद्र कंवर नें भाजपा चुनाव प्रबंधन बैठक में भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App