लाहुल में फिर बर्फबारी, कुल्लू में बारिश

By: Mar 2nd, 2024 12:55 am

मनाली में हल्का हिमपात, अटल टनल गाडिय़ों के लिए बंद, फिर खिले जिला के कारोबारियों के चेहरे

जिला संवाददाता-केलांग
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही लाहुल घाटी में एक बार फिर से हिमपात का दौर शुरू हो गया है। इसके साथ ही जिला कुल्लू में दिनभर बारिश का क्रम जारी रहा। वहीं मनाली में हल्की बर्फबारी हुई। शुक्रवार को दोपहर बाद लाहुल घाटी के उदयपुर समेत पट्टन घाटी में भारी बर्फबारी शुरू हो गया है। जिसके कारण कई इलाकों में बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई है। उदयपुर में अभी तक करीब नौ इंच ताजा हिमपात हुआ है। जबकि जिला मुख्यालय केलांग की तरफ चार इंच बर्फ गिरी है। बर्फबारी के कारण अटल टनल होकर मनाली से लाहुल की तरफ वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। लाहुल में हिमखंड गिरने का भी खतरा बना हुआ है। घाटी के कई इलाकों में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। उपायुक्त लाहुल-स्पीति राहुल कुमार ने कहा कि घाटी के पट्टन इलाके में अधिक बर्फबारी हो रही है। लिहाजा लोग अनावश्यक रूप से सफर न करें। जल शक्ति और विद्युत विभाग को पानी बिजली सुचारू रखने को कहा है। वहीं डीसी कुल्लू तोरूल एस रवीश ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा तीन दिन तक मौसम खराब की चेतावनी दी है। पुलिस प्रशासन भी लगातार सैलानियों को अपडेट कर रहा है।

बर्फ से लदी आनी घाटी, कई बस रूट प्रभावित
आनी। शुक्रवार प्रात: समूचे आनी क्षेत्र में हल्की बारिश का दौर जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट आने से ऊंची पहाडिय़ों में बर्फबारी हुई। यहां सेब के पौधे बर्फ से लकदक हो गए हैं। आनी वाह्य सिराज क्षेत्र को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोडऩे वाले एनएच 305 के मध्य 10280 फुट की ऊंचाई पर स्थित जलोड़ी दर्रे पर भी भारी हिमपात होने से मार्ग खनाग से सोझा के मध्य यातायात के लिए पूर्णतया बंद हो गया है। आनी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण एनएच 305 सहित लोक निर्माण विभाग की कई सडक़ें वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थाई तौर पर अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे परिवहन निगम सब डीपो आनी की कई बसों के पहिए विभिन्न रूटों पर थम गए हैं। वर्षा व बर्फबारी से किसानों-बाग़बानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश-बर्फबारी सेब की अच्छी पैदाबार के लिए रामबाण साबित हुई है।

बंजार की पहाडिय़ों पर फिर हिमपात
बंजार। जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार में शुक्रवार की सुबह से मौसम काफी खराब होने पर ऊंची चोटियों के साथ-साथ उपमंडल बंजार के क्षेत्र म बारिश और हिमपात का दौर बड़े जोरों पर चलता रहा। वर्ष 2024 के फरवरी और मार्च मास के शुरूआत में यह तीसरा हिमपात है। बर्फबारी और बारिश से उपमंडल ठंड की चपेट में आ गया। जालोड़ी जोत पर करीब पांच फुट से ज्यादा ताजा हिमपात हुआ है। उपमंडल की अन्य चोटियों पर आधा फीट तक बर्फ गिरी है। लोगों ने गर्म कपड़े तथा आग का सहारा लेना पड़ रहा हैं। बारिश और बर्फबारी से ठंड काफी बढ़ गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App