पहाड़ों पर बर्फबारी…मैदानों में झमाझम बारिश

By: Mar 2nd, 2024 12:57 am

किलाड़ में आठ से दस इंच ताजा हिमपात रिकार्ड, बर्फबारी से ठंड बढऩे पर घरों में दुबके लोग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जनजातीय उपमंडल पांगी ने शुक्रवार को दोबारा से बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। उपमंडल मुख्यालय किलाड़ में शुक्रवार को आठ से दस इंच के करीब ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई है। बर्फबारी के बीच हांड कंपा देने वाली ठंड के चलते लोग एक बार फिर से घरों में दुबकने को मजबूर होकर रह गए हैं। समाचार लिखे जाने तक पांगी में बर्फबारी का दौर लगातार जारी था। शुक्रवार सवेरे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के साथ मौसम ने घाटी में एकाएक करवट बदल ली। शुक्रवार को आसमान पर छाए काले बादलों के बीच सीधे बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया। देखते ही देखते पांगी घाटी की ऊंची पहाडिय़ों सहित उपमंडल मुख्यालय किलाड ़बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फबारी के बीच फिलहाल बिजली व पानी सहित यातायात व्यवस्था बहाल रखना राहत की बात है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों भी पांगी में लगातार फुटों के हिसाब से बर्फबारी हुई थी। पांगी में चार फुट के करीब बर्फ गिरने से बिजली व पानी सहित यातायात व्यवस्था ठप हो गई थी। बर्फबारी का दौर थमते ही उपमंडलीय प्रशासन ने बर्फबारी के कारण बिगड़ी व्यवस्था को बहाल कर अस्त- व्यस्त आम जनजीवन को वापस पटरी पर लाया था। करीब एक सप्ताह की राहत के बाद शुक्रवार को पांगी में फिर से बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया है। बर्फबारी आरंभ होने से घाटी के लोग पिछले कटु अनुभवों से सिंहर उठे हैं।

चंबा में बर्फबारी और बारिश के ऑरेंज अलर्ट का पूर्वानुमान बिलकुल सही

चंबा। मौसम विभाग का चंबा जिला में बर्फबारी व बारिश के ऑरेंज अलर्ट का पूर्वानुमान बिलकुल सटीक बैठा है। शुक्रवार सवेरे आसमान पर उमड़े काले बादलों के बरसने का सिलसिला आरंभ होने के साथ ही ऊपरी पहाड़ों पर बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बारिश होने से ठंड दोबारा से लौट आई है। शुक्रवार को चंबा जिला में निचले क्षेत्रों में बारिश व ऊपरी पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर रहने से बाजारों में वीरानी छाई रही। उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग की ओर से पहली व दो मार्च को चंबा जिला में बर्फबारी व बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस अलर्ट के चलते चंबा जिला में मौसम के करवट बदलने से बर्फबारी व बारिश का दौर आरंभ हो गया है। शुक्रवार को जिला चंबा में दिन भर रिमझिम बारिश का दौर बना रहा। जिला की ऊपरी पहाडिय़ों पर बर्फबारी के चलते बर्फीली हवाएं दिन भर लोगों को सताती रही। बारिश के चलते बाजार में ग्राहकों की आवाजाही नाममात्र की रहने के चलते दुकानदारों ने हीटर सेंककर दिन बिताया। हालांकि बारिश के बीच बिजली और यातायात व्यवस्था का बेहतर रहना लोगों की राहत की बात है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App