धर्मशाला से तीसरी पारी खेलने को मैदान में उतरे सुधीर शर्मा

By: Mar 28th, 2024 12:16 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा अब एक बार फिर धर्मशाला से अपनी तीसरी पारी के लिए चुनावी मैदान में उतर गए हैं। अब तक चार बार विधायक रहे सुधीर शर्मा इस बार कांग्रेस से नहीं, बल्कि भाजपा से चुनावी मैदान में हैं। भाजपा ने उन्हें विधानसभा उपचुनाव के लिए धर्मशाला से पार्टी प्रत्याशी बनाया है। इससे पूर्व बैजनाथ में साल 2003 और 2007 में विधायक बनने वाले सुधीर शर्मा की धर्मशाला में 2012 में जोरदार एंट्री हुई थी। बैजनाथ विधानसभा सीट के एससी आरक्षित होने के चलते उन्हें अपना चुनाव क्षेत्र बदलना पड़ा और 2012 में हुए चुनावों में वह धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी उतारे गए जिसमें उन्हें जीत मिली। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता किशन कपूर को हराया और उन्हें पहली बार वीरभद्र सरकार में मंत्री बनाया गया। इसके बाद वह अगले चुनावों यानी 2017 के विधानसभा चुनावों में हार गए। वहीं 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के किशन कपूर, जो कि सरकार में मंत्री भी थे, उन्हें लोकसभा प्रत्याशी उतारने से धर्मशाला में उपचुनाव हुआ, लेकिन सुधीर ने चुनाव लडऩे से मना कर दिया और कांग्रेस की टिकट विजयइंद्र कर्ण को दी गई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा और भाजपा के विशाल नेहरिया विधायक बन गए।

वर्ष 2022 के चुनावों में उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ा और भाजपा के प्रत्याशी को हराया, लेकिन प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने से उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई। वीरभद्र सिंह के करीबी रही सुधीर शर्मा करीब ड़ेढ वर्ष तक सरकार में होते हुए भी विपक्ष में ही रहे। यही वजह रही कि उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की और प्रदेश की राजनीतिक हालात के मद्देनजर अब भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने भी उन्हें पूरा मान -सम्मान देते हुए इस उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाकर कांग्रेस के समक्ष एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना यह है कि धर्मशाला की जनता और यहां के पुराने भाजपाई उनका कितना साथ देते हैं। पार्टी बदलने के बाद दूसरे दल में अपने को स्थापित करना सुधीर शर्मा के समक्ष भी एक बड़ी चुनौती से कम नहीं है। पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा का गुरुवार को धर्मशाला आगमन पर जोरावर स्टेडियम में भाजपा कार्यकर्ता जोरदार स्वागत करेंगे। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीब बिंदल सहित भाजपा के तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App